यूपी

पीलीभीत में बाढ़: एडीएम ऋतु पुनिया और विधायक विवेक वर्मा ने संभाली राहत कार्यों की कमान

पीलीभीत में बाढ़: एडीएम ऋतु पुनिया और विधायक विवेक वर्मा ने संभाली राहत कार्यों की कमान

ग्रामीण इलाकों का दौरा कर बांटा राशन, स्वास्थ्य शिविर लगाने का ऐलान

पीलीभीत।चंपावत और उधम सिंह नगर में हुई लगातार भारी बारिश का असर पीलीभीत जनपद पर बुरी तरह से पड़ा है। अचानक बढ़े जलस्तर ने देव नदी को उफान पर ला दिया है। नदी का बहाव 54 हजार क्यूसेक पार पहुंच गया, जिससे पीलीभीत मुख्यालय और कई ग्रामीण इलाके जलभराव की चपेट में आ गए। कई गांवों का संपर्क मार्ग टूट गया और सड़कें डूब जाने से ग्रामीणों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। हालात की गंभीरता को देखते हुए योगी सरकार के अधिकारी और जनप्रतिनिधि सीधे ग्राउंड जीरो पर पहुंचे और राहत कार्यों की कमान संभाली।बुधवार को एडीएम ऋतु पुनिया और बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा प्रशासनिक अमले के साथ अर्जुनपुर, राजपुर कुंडरी और महादेवा समेत बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे। उन्होंने गांव-गांव जाकर लोगों से मुलाकात की और राहत सामग्री वितरित की। ग्रामीणों को भरोसा दिलाया गया कि प्रशासन हर हाल में उनके साथ है और किसी को भी खाने-पीने की कमी नहीं होने दी जाएगी।

ट्रैक्टर पर सवार होकर गांव-गांव पहुंचीं एडीएम

बाढ़ के कारण कई सड़कें कट जाने और वाहन न पहुंच पाने की स्थिति में एडीएम ऋतु पुनिया ने ट्रैक्टर पर सवार होकर ग्रामीण इलाकों का दौरा किया। कई जगह पैदल चलकर उन्होंने घरों और खलिहानों में जाकर लोगों का हालचाल जाना और बाढ़ से जूझ रहे किसानों व ग्रामीणों का दुख दर्द साझा किया। एडीएम ने कहा, “अगर हालात ऐसे ही रहे और पानी न घटा तो प्रशासन नाव चलाने की व्यवस्था करेगा। किसी भी हाल में बाढ़ पीड़ित अकेले नहीं छोड़े जाएंगे।

संपर्क मार्गों का निरीक्षण, स्वास्थ्य शिविर की तैयारी

भैंसता गांव में कटे हुए संपर्क मार्ग का एडीएम ने मौके पर निरीक्षण किया। राजस्व और स्वास्थ्य टीम लगातार तैनात रही। ग्रामीणों की सुरक्षा और सेहत को देखते हुए विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाने की घोषणा की गई। राहत सामग्री बांटने के साथ-साथ फूड पैकेट और पीने के पानी की आपूर्ति का इंतजाम किया गया है।एडीएम ऋतु पुनिया ने बताया कि अब तक किसी तरह की जनहानि की खबर नहीं है। सभी ग्राम प्रधानों के व्हाट्सएप ग्रुप बनाए गए हैं, जिनके माध्यम से लगातार अपडेट लिया जा रहा है और राहत कार्यों पर नजर रखी जा रही है।

प्रशासनिक अमला मुस्तैद

निरीक्षण और राहत वितरण के दौरान एसडीएम बीसलपुर नरेंद्र पांडे, तहसीलदार हबीबुर अंसारी, नायब तहसीलदार अवधेश कुमार समेत पूरा प्रशासनिक अमला मौजूद रहा। विधायक विवेक वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार और जिला प्रशासन पूरी तत्परता से ग्रामीणों तक मदद पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में ग्रामीणों की सुरक्षा और उनकी आवश्यकताओं की पूर्ति ही सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!