पीलीभीत में पानी से घिरे घर, सभ्यता देवी बोलीं – किसी परिवार को परेशानी नहीं होने देंगे
बाढ़ जैसे हालात में ब्लॉक प्रमुख मैदान में, प्रभावित परिवारों की सूची बनवाने के दिए आदेश

पीलीभीत में पानी से घिरे घर, सभ्यता देवी बोलीं – किसी परिवार को परेशानी नहीं होने देंगे
बाढ़ जैसे हालात में ब्लॉक प्रमुख मैदान में, प्रभावित परिवारों की सूची बनवाने के दिए आदेश
पीलीभीत।जिले में लगातार हो रही तेज बारिश ने ग्रामीण इलाकों की हालत बिगाड़ दी है। कई कॉलोनियों और बस्तियों में पानी भर जाने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लोग घरों से निकलने तक में कठिनाई महसूस कर रहे हैं। ऐसे हालात में मरौरी ब्लॉक प्रमुख सभ्यता देवी वर्मा बुधवार को स्वयं मैदान में उतरीं और बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।सभ्यता देवी ने गोयल कॉलोनी, माला कॉलोनी, कंजा हरैया और गांधीनगर का निरीक्षण किया। वहां मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि पानी घरों में घुस चुका है, मवेशियों को बाहर बांधना पड़ रहा है और बच्चों व बुजुर्गों का निकलना बेहद मुश्किल हो गया है।
स्थिति देखकर ब्लॉक प्रमुख ने मौके पर ही लेखपाल को बुलवाया और प्रभावित परिवारों की सूची बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नालियों की तुरंत सफाई कराई जाए और अस्थायी पम्पिंग सेट लगाकर जलनिकासी सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही उन्होंने प्रशासन से जरूरतमंदों को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने की अपील की।सभ्यता देवी ने लोगों से कहा कि उनकी समस्याओं को नज़रअंदाज़ नहीं किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी शिकायतें प्रशासन तक पहुंचाई जाएंगी और किसी भी परिवार को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने यह भी वादा किया कि जल्द ही राहत कार्य शुरू किए जाएंगे, ताकि प्रभावित लोगों को राहत मिल सके।ग्रामीणों ने बताया कि पानी और कीचड़ के कारण रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो गई है। स्कूल जाने वाले बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा दिक्कत झेल रहे हैं। कई घरों में खाना बनाने तक में परेशानी हो रही है।




