रेल सुविधा से वंचित पूरनपुर, दिल्ली- लखनऊ ट्रेनों का संचालन न होने पर आंदोलन की चेतावनी

पूरनपुर से दिल्ली- लखनऊ ट्रेनों का संचालन न होने पर आंदोलन की चेतावनी
पीलीभीत।पूरनपुर के व्यापारियों ने क्षेत्र की रेल सेवाओं को बेहतर बनाने की मांग को लेकर सोमवार को रेलवे स्टेशन पर एकत्र होकर ज्ञापन सौंपा।उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल पूरनपुर–पीलीभीत के नगर अध्यक्ष प्रदीप शुक्ला के नेतृत्व में व्यापारियों का बड़ा प्रतिनिधिमंडल स्टेशन मास्टर को केंद्रीय रेल मंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन देने पहुंचा।व्यापारियों ने ज्ञापन में मांग की कि पूरनपुर से लखनऊ वाया बरेली–दिल्ली के लिए नियमित ट्रेन संचालन शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि लंबे रूट की ट्रेनों का संचालन बंद हुए अब एक वर्ष का समय हो गया है, जिससे व्यापारियों और आम जनता दोनों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली और बरेली तक सुगम यातायात की सुविधा न होने से व्यापार पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।नगर अध्यक्ष प्रदीप शुक्ला ने कहा कि पूरनपुर जैसे प्रमुख कस्बे से लखनऊ और दिल्ली के लिए रेल सुविधा शीघ्र शुरू होना आवश्यक है। साथ ही, व्यापारियों ने माधोटांडा रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण करने की भी मांग उठाई, जिससे जाम की समस्या खत्म हो और आवागमन सुचारु हो सके।ज्ञापन सौंपने वालों में रवि जायसवाल, सैयद जफर अली, युवा अध्यक्ष नितिन वर्मा, परवेज़ खान, बृजेश शुक्ला, दीपक गुप्ता, सुनील मिश्रा, ठाकुर श्याम सिंह, शानू कुरैशी, शान मोहम्मद, अनुराग दीक्षित, मोनू, आसिफ अंसारी, कारज सिंह, सोनू सिंह, आसिफ खान, कासिम खान, विकास मिश्रा, अनादि, विशाल वर्मा, त्रिभुवन शर्मा, अनुज गुप्ता, सभासद अवनीश श्रीवास्तव, अक्कू गुप्ता सहित सैकड़ों व्यापारी मौजूद रहे।व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का सहारा लेने को बाध्य होंगे।




