
जलभराव में खड़े होकर मंत्री और डीएम ने ग्रामीणों की सुनी समस्या
ब्यूरो, पीलीभीत।
लगातार बारिश और जलभराव की समस्या ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कई क्षेत्रों में जलभराव से मुख्य सड़कों और गलियों में पानी भर गया है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।बारिश के पानी का निकासी सिस्टम पूरी तरह से फेल हो चुका है। जलभराव के कारण दुकानदारों और कार्यालयों में भी कामकाज प्रभावित हुआ है। वाहन चालकों को अक्सर पानी में फंसने और जाम जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने नगर पालिका पर लापरवाही का आरोप लगाया है। जिसके बाद नगर पालिका और प्रशासन ने हालात सुधारने के लिए लगातार अव्यवस्थाओं को दूर करने में जुटा हुआ है। लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण समस्या बढ़ती जा रही है। जलभराव की समस्या से नाराज कृष्ण विहार कॉलोनी के लोगों ने सड़कों पर जाम लगाकर अपनी परेशानी के विरोध में नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि जलभराव की वजह से उन्हें आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान गन्ना विकास समिति, चीनी मिल, राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार और जिला प्रशासन के अधिकारी डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। मंत्री और डीएम शहर की सड़कों पर जलभराव के बीच चलते हुए जनता की समस्याएं सुनते और उनका निस्तारण करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देते नजर आए। मंत्री और डीएम दोनों ही जलभराव के बीच सड़कों पर चलते नजर आए और लोगों से सीधे संवाद कर समाधान के उपायों की जानकारी ली। स्थानीय लोगों ने मंत्री और डीएम से आग्रह किया कि जल्द से जल्द पानी निकासी और निकासी नालियों की सफाई कर समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जलभराव की समस्या को प्राथमिकता दी जाएगी और संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। वही लोग उम्मीद जता रहे हैं कि मंत्री और प्रशासन के दौरे के बाद जलभराव की समस्या पर जल्द ही ठोस कदम उठाए जाएंगे।जलभराव की समस्या से पीड़ित आम जनता का कहना है कि यह समस्या हर वर्ष दोबारा उत्पन्न होती है और इस पर ठोस कदम उठानासमय की मांग है।

।




