तराई में झमाझम बरसात से मौसम हुआ नरम, खेतों में खुशी और सड़को पर आफत

तराई में झमाझम बरसात से मौसम हुआ नरम, खेतों में खुशी और सड़को पर आफत
पीलीभीत। पिछले कुछ दिनों से जारी लगातार बारिश ने तराई क्षेत्र को तपिश से राहत तो दी, लेकिन साथ ही आम जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। शनिवार देर रात शुरू हुई बरसात रविवार सुबह तक झमाझम जारी रही। मौसम विभाग का अनुमान है कि यह दौर अभी कुछ दिन और जारी रहेगा। बारिश ने जहां तापमान में गिरावट लाकर उमस और गर्मी से लोगों को बड़ी राहत दी है, वहीं रोज़मर्रा की गतिविधियों पर असर पड़ रहा है। शहर की गलियों से लेकर गांव की पगडंडियों तक जगह-जगह पानी भर गया है। खेती-किसानी की दृष्टि से यह बारिश धान और गन्ने की फसल के लिए बेहद फायदेमंद मानी जा रही है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यदि इसी तरह मध्यम बरसात होती रही तो फसलों की पैदावार बेहतर होगी। हालांकि लगातार भारी वर्षा की स्थिति में धान की जड़ों में सड़न और गन्ने में गिरने जैसी समस्याएं खड़ी हो सकती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि तेज़ बरसात से कच्चे रास्तों पर फिसलन और गड्ढों में पानी भरने से आवाजाही मुश्किल हो गई है। कई जगह नालियों के उफान से पानी घरों में घुसने की शिकायतें भी सामने आई हैं।
——————-




