बीमारी फैलाने लगा ‘स्वच्छ भारत मिशन’ का सेंटर, कचरे से पटी सड़कें, बदबू से त्रस्त ग्रामीण

बीमारी फैलाने लगा ‘स्वच्छ भारत मिशन’ का सेंटर, कचरे से पटी सड़कें, बदबू से त्रस्त ग्रामीण
पीलीभीत। पूरनपुर तहसील क्षेत्र के मुझा खुर्द रोड पर नगर पालिका द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत बनाया गया एमआरएफ (मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर अब लोगों की मुसीबत बन चुका है। नगर का सारा कचरा यहां इकट्ठा किया जाता है, लेकिन प्रबंधन की लापरवाही और चारदीवारी न होने से हालात बिगड़ गए हैं। सेंटर के चारों ओर दीवार न होने से कचरा अक्सर सड़क तक फैल जाता है। इससे जहां रोजाना गुजरने वाले लोगों का आवागमन बाधित होता है, वहीं पूरे इलाके में गंदगी और सड़ांध से लोग बेहाल हैं। बरसात के दिनों में यह समस्या और गंभीर हो जाती है। गंदगी बारिश के पानी के साथ बहकर दूर-दूर तक फैल जाती है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यह स्थिति डेंगू, मलेरिया और हैजा जैसी बीमारियों को जन्म दे सकती है। राहगीरों ने बताया “नगर पालिका ने स्वच्छता के नाम पर गंदगी हमारे सिर मढ़ दी है। कचरे की बदबू से घरों में बैठना मुश्किल हो गया है।”बरसात में हालात और बदतर हो जाते हैं। इधर से गुजरने के दौरान बीमार पड़ने का डर बना रहता है।”
लोगो ने मांग की है कि सेंटर के चारों ओर मजबूत चारदीवारी बनाई जाए और कचरे के निस्तारण की उचित व्यवस्था की जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कदम न उठाया गया तो यह सेंटर स्वच्छ भारत मिशन की मंशा पर ही सवाल खड़ा कर देगा।




