यूपी

ससुराल पक्ष पर जहरीला पदार्थ खिलाने का आरोप, परिजनों ने दर्ज कराया मुकदमा

ससुराल पक्ष पर जहरीला पदार्थ खिलाने का आरोप, परिजनों ने दर्ज कराया मुकदमा

पूरनपुर,पीलीभीत।दहेज प्रथा एक बार फिर से घर-घर की खुशियों को मातम में बदल गई। थाना हजारा क्षेत्र के ग्राम टाटरगंज की रहने वाली 20 वर्षीय युवती शीला कौर को दहेज की मांग को लेकर उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने जहरीला पदार्थ खिला दिया। गंभीर हालत में अस्पतालों के चक्कर काटने के बाद आखिरकार युवती ने दम तोड़ दिया। पीड़िता की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।थाना हजारा पुलिस के अनुसार, राजपाल सिंह पुत्र सोहन सिंह निवासी ग्राम टाटरगंज ने तहरीर दी कि उनकी पुत्री शीला कौर की शादी कुछ समय पूर्व हुई थी। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष लगातार दहेज की मांग कर उत्पीड़न कर रहा था। तहरीर में आरोप लगाया गया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर 26 अगस्त को ससुराल वालों ने शीला को जहरीला पदार्थ खिला दिया।परिजनों ने गंभीर हालत में शीला को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हजारा ले जाया, जहां से उसे जिला अस्पताल पीलीभीत रेफर कर दिया गया। वहां से भी हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने शीला को बरेली रेफर कर दिया। परिजन शीला को प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के बाद उसे घर ले जाया गया। लेकिन सोमवार को शीला की तबीयत फिर बिगड़ी और उसने घर पर ही दम तोड़ दिया।थाना हजारा पुलिस ने वादी की तहरीर पर मुकदमा संख्या 76/25 धारा 85/123/115(2) BNS व 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया। बाद में युवती की मृत्यु हो जाने पर धारा 80 BNS की बढ़ोत्तरी की गई। शव का पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई।इस गंभीर मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी पूरनपुर को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शीला की मौत के जिम्मेदार ससुराल पक्ष के अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।शीला की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक और आक्रोश फैल गया। परिजन दहाड़ें मार-मारकर रोते रहे। ग्रामीणों का कहना है कि दहेज के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!