राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में ‘प्रेरण कैन्टीन’ का शुभारंभ, दुर्गा स्वयं सहायता समूह को मिला संचालन का दायित्व

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में ‘प्रेरण कैन्टीन’ का शुभारंभ, दुर्गा स्वयं सहायता समूह को मिला संचालन का दायित्व
पीलीभीत।सोमवार को पी.एम. श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, पीलीभीत में ‘प्रेरण कैन्टीन’ का शुभारंभ किया गया। कैन्टीन का उद्घाटन उपायुक्त (स्वतः रोजगार) वंदना सिंह एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या ने संयुक्त रूप से किया।कैन्टीन का संचालन उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित दुर्गा स्वयं सहायता समूह, नावकूड (मरौरी) को सौंपा गया है।उद्घाटन कार्यक्रम में जिला मिशन प्रबंधक, ब्लॉक मिशन प्रबंधक एवं कॉलेज स्टाफ भी मौजूद रहे।इस अवसर पर उपायुक्त (स्वतः रोजगार) ने ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल पर जोर दिया। उन्होंने आरसेटी में संचालित आर्टिफिशियल ज्वेलरी प्रशिक्षण बैच का निरीक्षण किया और प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश निदेशक आरसेटी को दिए। प्रशिक्षण प्राप्त कर रही समूह की दीदियाँ उत्साहित दिखाई दीं।उपायुक्त वंदना सिंह ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को सरस मेले, सरस शोरूम और ऑनलाइन मार्केटिंग प्लेटफॉर्म्स से जोड़ा जाएगा ताकि महिलाओं को व्यापक बाजार मिल सके। उन्होंने शीघ्र ही जूट फाइल कवर निर्माण बैच शुरू करने के निर्देश भी दिए।कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। अधिकारीगणों ने कहा कि इस प्रकार की पहल से न केवल महिलाओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में अवसर मिलेगा बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए साधन भी विकसित होंगे।




