शारदा नदी का कहर : हजारा में तेज भू कटान से किसानों की जमीन समाई, ग्रामीणों का प्रदर्शन

शारदा नदी का कहर : हजारा में तेज भू कटान से किसानों की जमीन समाई, ग्रामीणों का प्रदर्शन
संवाददाता रणजीत सिंह भिंडर
हजारा,पीलीभीत। ट्रांस शारदा क्षेत्र के हजारा गांव में शारदा नदी की तेज धारा किसानों के लिए काल बन गई है। नदी के तेज भू कटान से दर्जनों किसानों की लगभग 35 से 40 एकड़ कृषि भूमि गन्ने की फसल समेत नदी में समा गई।भू कटान को रोकने के लिए कई दिनों से शासन-प्रशासन को सूचना देने के बावजूद कोई कार्यवाही न होने से नाराज ग्रामीणों ने रविवार को हजारा गांव में प्रदर्शन कर त्वरित राहत-बचाव कार्य की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि शारदा नदी पिछले 25 वर्षों से ट्रांस शारदा क्षेत्र में तबाही मचा रही है। अब तक हजारों एकड़ भूमि और करोड़ों की वन संपदा नदी में समा चुकी है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बाढ़ खंड विभाग ने करोड़ों रुपये खर्च किए लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला। बारिश से नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण हजारा और शास्त्रीनगर टिब्बा के निचले हिस्सों में पानी भर गया है। प्रदर्शन में लालाराम, सुरेश, मनजीत सिंह, गौरव भारती, पूर्व प्रधान कन्हैयालाल सहित कई ग्रामीण शामिल रहे।




