बिजली के तार से छूते ही बांस में आया करंट, इलाज में देरी से गई जान

बिजली के तार से छूते ही बांस में आया करंट, इलाज में देरी से गई जान
पूरनपुर,पीलीभीत।घुंघचाई थाना क्षेत्र के गांव लुकटिहाई निवासी दाताराम पुत्र बृज बिहारी उम्र 35 वर्ष की शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8 बजे दाताराम घर के पास बांस काट रहा था। इसी दौरान एक बांस अचानक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टच हो गया, जिससे दाताराम करंट की चपेट में आ गया। घटना के बाद युवक मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। यह देख परिजनों व आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने परंपरागत तरीके से उसे रेत में दबाकर इलाज करने की कोशिश की और करीब एक घंटे तक उपचार किया, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।अचानक हुई इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते चिकित्सीय सुविधा मिल जाती तो शायद दाताराम की जान बचाई जा सकती थी।




