नुक्कड़ नाटक से ग्रामीणों को सिखाया वन्यजीव संरक्षण का महत्व

नुक्कड़ नाटक से ग्रामीणों को सिखाया वन्यजीव संरक्षण का महत्व
पूरनपुर,पीलीभीत।मानव और वन्यजीवों के सहअस्तित्व को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चल रही “बाघ एक्सप्रेस” जागरूकता यात्रा गुरूवार को माधव टांडा और बाराही बसंतपुर नौनेर पहुंची।इस दौरान नुक्कड़ नाटक, संवाद सत्र और शैक्षिक फिल्मों के माध्यम से ग्रामीणों को वन्यजीव संरक्षण और उनके साथ सामंजस्यपूर्ण जीवन जीने के महत्व से अवगत कराया गया।कार्यक्रम में करीब 350 लोग शामिल हुए। माधव टांडा के विद्या निकेतन स्कूल के बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की। इसमें अधिकांश बच्चे सिख परिवारों से थे जो झालों पर रहते हैं। बाघ मित्र राजीव कुमार ने कार्यक्रम का संचालन किया जबकि सानविल हुसैन, अतुल सिंह, राम अवतार, मथुरा प्रसाद और जमुना प्रसाद शर्मा ने सहयोग दिया। सामाजिक वानिकी पूरनपुर से निपेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।कलाकारों ने रोचक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर यह संदेश दिया कि वन्यजीवों के प्राकृतिक आवासों की रक्षा आवश्यक है। साथ ही, बढ़ती मानवीय गतिविधियों से पैदा हो रहे खतरों और बाघ सहित अन्य वन्यजीवों के संरक्षण पर भी जोर दिया गया।पीलीभीत टाइगर रिजर्व और फाउंडेशन के सहयोग से चल रहे इस अभियान की ग्रामीणों ने सराहना की। किसानों, महिलाओं, बच्चों और युवाओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।पीलीभीत टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर मनीष सिंह ने बताया कि “बाघ एक्सप्रेस” का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना ही नहीं, बल्कि लोगों को वन्यजीवों के साथ सुरक्षित और सकारात्मक संबंध बनाने के लिए प्रेरित करना भी है।




