20 हजार देने पर भी नहीं मिला आवास और विधवा पेंशन, प्रधान पुत्र से रुपए बापस मांगने पर विधवा पर जानलेवा हमला, तमंचा लहराया

20 हजार देने पर भी नहीं मिला आवास और विधवा पेंशन, प्रधान पुत्र से रुपए बापस मांगने पर विधवा पर जानलेवा हमला, तमंचा लहराया
भीड़ इकट्टी होने पर आरोपी तमंचा लहराकर भागा, 5 पर मुकदमा
पूरनपुर/पीलीभीत। आवास और विधवा पेंशन योजना में दी गई हजारों की रिश्वत वापस मांगना विधवा को महंगा पड़ गया। प्रधान के करीबियों ने महिला की पिटाई लगा दी। जानलेवा हमले में वह लहुलुहान हो गई। घर के बाहर लगे कैमरे भी तोड़ दिए गए। बचाने आए परिवार के अन्य लोगों को भी जमकर पीटा। भीड़ इकट्टी होने पर आरोपी तमंचा लहराते हुए भाग गए। पुलिस ने पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सरकार की ओर से दी जाने वाली अधिकांश योजना धरातल पर पहुंचने पर भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती है। आवास योजना में अपात्र को लाभ देने के लिए प्रधान और सचिव मिलकर सुविधा शुल्क बसूलते हैं। इससे कई पात्र योजना का लाभ लेने में वंचित रह जाते हैं। कलीनगर तहसील क्षेत्र के गांव लोहरपुरा की रहने वाली पान कुमारी ने बताया उनके पति की मौत हो चुकी है। 15 अगस्त को उन्होंने प्रधान खान सिंह के पुत्र शिवराज से विधवा पेंशन और आवास न आने पर सुविधा शुल्क के रूप में दिए गए अपने 20 हजार वापस मांगे। तभी पड़ोस में खड़ा संजीव कुमार पुत्र कालीचरन विधवा को गालियां देने लगा। विरोध करने पर वह भागता हुआ अपने घर गया। इसके बाद अपने भाई अनिल कुमार, पिता कालीचरण, रामकुमार व प्रीती के साथ धारधार हथियार, डंडा व नाजायज तमंचा लेकर आ गया। आरोपियों ने घर के बाहर लगे कैमरे तोड़ दिए। इसके बाद अंदर घुसकर विधवा, उसकी जेठानी सुदामा देवी, गिंदर कुमार की जमकर पिटाई लगा दी। पीछे से पहुंच नरेश कुमार पुत्र रामकुमार ने विधवा के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इससे वह लहुलुहान होकर जमीन पर गिर गई।शोर सुनकर परिवार और गांव के कई लोग पहुंच गए। तभी संजीव तमंचा दिखाते हुए जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। अगली बार बकवास करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। मामले में पुलिस ने 5 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।




