खेत में गोवंशीय पशु का कत्ल कर मांस लेकर फरार हुए तस्कर, सीओ और कोतवाल पहुंचे

खेत में गोवंशीय पशु का कत्ल कर मांस लेकर फरार हुए तस्कर, सीओ और कोतवाल पहुंचे
भारतीय बजरंग दल ने पुलिस को दी अवशेष मिलने की सूचना
पूरनपुर/पीलीभीत। क्षेत्र में लगातार हो रही कार्रवाई के बावजूद गोवंशीय पशुओं के वध पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। रविवार को पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव कड़ेरचौरा के मौजा जसवंतपुर में उस समय सनसनी फैल गई, जब गन्ने के खेत से गोवंशीय पशुओं के अवशेष बरामद हुए। यह खेत गांव निवासी साधु पुत्र फूलचंद का बताया गया है। जानकारी के अनुसार तस्करों ने बीती रात खेत में घुसकर गोवंशीय पशु का बेरहमी से वध किया और मांस लेकर मौके से फरार हो गए। सुबह जब ग्रामीणों ने खेत में अवशेष देखे तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी पर भारतीय बजरंग दल के पदाधिकारी रामसेवक वर्मा व धनंजय मिश्रा ने पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भारी संख्या में मौके पर पहुंच गए। इनमें जिलाध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा, जिला महामंत्री अशोक राठौर, जिला गौ रक्षा महामंत्री अजय कुशवाहा, दामोदर कुशवाहा, रामपाल वर्मा, रवि गंगवार, हरिवंश वर्मा, जगपाल वर्मा, अछ्यय, राकेश पासवान व रोहित राठौर सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। घटना की जानकारी मिलते ही सीओ प्रतिक दहिया और कोतवाल सत्येंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने खेत का निरीक्षण कर अवशेष कब्जे में लिए और जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से गोवंशीय पशुओं की तस्करी और वध का सिलसिला जारी है। कई बार छापेमारी और कार्रवाई होने के बावजूद ऐसे गिरोह सक्रिय हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि पुलिस तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करे और गांव-गांव में निगरानी बढ़ाई जाए।सीओ प्रतिक दहिया ने बताया कि खेत में गोवंशीय पशु के वध किए जाने का मामला गंभीर है। इस संबंध में अज्ञात तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि तस्करों की तलाश के लिए सघन अभियान चलाया जाएगा।




