
पति बोला—गोरी से करूंगा शादी, विरोध पर पत्नी का गला दबाया,पति-देवर पर गंभीर आरोप
पूरनपुर,पीलीभीत। सांवला रंग होने पर पति अपनी पत्नी से तलाक देने का दबाव बनाकर गोरी लड़की से निकाह करने की धमकी दे रहा है। देवर ने भी उसके साथ छेड़छाड़ की। विवाहिता ने मामले की शिकायत सास- ससुर से की। विरोध पर सास ने पुत्रों के साथ मिलकर उसे पीटकर घर से निकालने की धमकी दी। पति ईंट भट्टे पर ले जाकर पत्नी से मजदूरी करवाने लगा। कुछ दिन पहले दूसरी शादी की बात कहकर गला दबाकर हत्या का प्रयास किया। विरोध करने पर मायके में पिता से भी मारपीट की। मामले की शिकायत पुलिस से की है।कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने अपने पति, ससुराल पक्ष और देवर पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी करीब दो वर्ष पूर्व बरेली जनपद के एक गांव में हुई थी। शादी के कुछ माह बाद ही उसका पति और ससुराल वाले उसी के गांव में किराए के मकान में रहने लगे। आरोप है कि करीब छह माह पूर्व देवर ने उसे कमरे में अकेला पाकर जबरन दबोचकर छेड़छाड़ की। किसी तरह बचकर बाहर आने के बाद पीड़िता ने यह बात अपनी सास-ससुर को बताई, लेकिन उन्होंने उल्टा रंजिश मानकर तलाक दिलवाकर दूसरी शादी कराने की धमकी दी। पीड़िता के अनुसार, विरोध करने पर सास ने अपने पुत्रों के साथ मिलकर उसकी पिटाई की, जबकि ससुर ने गाली-गलौज कर घर से निकालने की धमकी दी। जब उसने पति से शिकायत की तो उसने भी मारपीट की और ईंट भट्टे पर ले जाकर मजदूरी करवाने लगा। इसके बावजूद वह चुप रही, लेकिन भट्टे पर भी आए दिन पति उसे मारता-पीटता रहा। पीड़िता का कहना है कि उसका पति उसके सांवले रंग को लेकर कहता है कि वह उसे पसंद नहीं है और वह गोरी लड़की से शादी करना चाहता है। इसलिए तलाक ले ले। लगभग एक सप्ताह पूर्व पति उसे मायके लेकर पहुंचा और वहीं रहने लगा। शुक्रवार रात करीब 11 बजे पति ने गाली-गलौज कर तलाक देने की धमकी दी। विरोध करने पर उसका गला दबाया और बचाने आए पीड़िता के पिता का भी गला दबाकर मारपीट की। इससे परेशान होकर पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
इस तरह की कोई शिकायत नहीं मिली है। महिला को कोतवाली भेज दीजिए।सत्येंद्र कुमार
कोतवाल पूरनपुर




