अमरिया में बिना मान्यता के संचालित विद्यालय सीज,शिक्षा विभाग की सख्ती से अवैध स्कूल संचालकों में हड़कंप

अमरिया में बिना मान्यता के संचालित विद्यालय सीज,शिक्षा विभाग की सख्ती से अवैध स्कूल संचालकों में हड़कंप
अमरिया,पीलीभीत।शिक्षा विभाग ने अमरिया विकास क्षेत्र में बिना मान्यता के संचालित हो रहे विद्यालयों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को एसडीएम अमरिया मयंक गोस्वामी और खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) उमेंद्र दत्त त्रिपाठी के नेतृत्व में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान गांव डांग में डी.आर.एस.ए. विद्यालय अवैध रूप से संचालित पाया गया।जांच में यह स्पष्ट हुआ कि विद्यालय बिना आवश्यक सरकारी मान्यता के वर्षों से शिक्षण कार्य कर रहा था। एसडीएम मयंक गोस्वामी ने तत्काल प्रभाव से विद्यालय को सीज करने के आदेश दिए और बीईओ को स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।एसडीएम ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बिना मान्यता के चल रहे संस्थानों के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि कोई भी संस्था बिना मान्यता के संचालित पाई गई तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें सीजिंग के साथ-साथ जुर्माना और अन्य दंडात्मक कदम भी शामिल होंगे।बीईओ उमेंद्र दत्त त्रिपाठी ने बताया कि जिले में ऐसे सभी अवैध विद्यालयों की सूची तैयार की जा रही है और आने वाले दिनों में व्यापक स्तर पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि अपने बच्चों का प्रवेश केवल मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ही कराएं, ताकि बच्चों की शिक्षा और भविष्य सुरक्षित रह सके।इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य बिना मान्यता वाले विद्यालय संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है और कई प्रबंधक स्वयं अपने दस्तावेज़ व मान्यता की स्थिति की जांच में जुट गए हैं।शिक्षा विभाग का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




