अमेरिकी टैरिफ के विरोध में व्यापारियों का प्रदर्शन, ट्रंप का पुतला दहन

अमेरिकी टैरिफ के विरोध में व्यापारियों का प्रदर्शन, ट्रंप का पुतला दहन
पीलीभीत।अमेरिका द्वारा भारतीय वस्तुओं पर भारी आयात शुल्क लगाए जाने के विरोध में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल पीलीभीत ने ज़ोरदार प्रदर्शन किया। ज़िला अध्यक्ष एम. ए. जिलानी के निर्देश पर नगर अध्यक्ष रणवीर पाठक के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने भारी वर्षा के बावजूद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला दहन कर नाराज़गी जताई।ज़िला अध्यक्ष जिलानी ने चेतावनी दी कि इन टैरिफ से भारतीय अर्थव्यवस्था पर गंभीर नकारात्मक असर पड़ेगा। उन्होंने कहा,भारत के निर्यात पर सीधा असर होगा, कई उद्योग प्रभावित होंगे और आर्थिक विकास दर गिर सकती है।ज़िला महामंत्री पंकज अग्रवाल ने बताया कि अमेरिका भारत का सबसे बड़ा निर्यात बाज़ार है और टैरिफ लगने से भारतीय वस्तुएँ वहाँ महंगी हो जाएंगी, जिससे माँग 40–60% तक घट सकती है। नगर अध्यक्ष रणवीर पाठक ने कहा कि इसका सबसे ज़्यादा असर कपड़ा, रत्न-आभूषण, चमड़ा, जूते, समुद्री खाद्य और हस्तशिल्प जैसे श्रम-प्रधान क्षेत्रों पर पड़ेगा, जिससे बड़े पैमाने पर बेरोज़गारी बढ़ सकती है।युवा ज़िला अध्यक्ष शैली शर्मा और युवा नगर अध्यक्ष आशीष लोधी ने कहा कि इससे भारत की जीडीपी में 0.2 से 1% तक गिरावट आ सकती है। नगर महामंत्री राशिद अंसारी ने चेताया कि विदेशी मुद्रा भंडार और रुपये की कीमत पर भी दबाव बढ़ेगा।कार्यक्रम में ज़िला व नगर पदाधिकारी, महिला विंग और बड़ी संख्या में व्यापारीगण मौजूद रहे।




