आईजीआरएस निस्तारण में पीलीभीत बना प्रदेश में अव्वल

आईजीआरएस निस्तारण में पीलीभीत बना प्रदेश में अव्वल
पीलीभीत।उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जुलाई माह की आईजीआरएस जनशिकायत निस्तारण की मासिक रैंकिंग जारी की गई, जिसमें जनपद पीलीभीत ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि जनपद की पुलिस टीम की सतत मेहनत, अनुशासन और जनसंवेदनशीलता का प्रत्यक्ष प्रमाण है।पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव के नेतृत्व में जिले के सभी थानों को निर्देशित किया गया था कि शिकायतों को केवल औपचारिकता न समझा जाए, बल्कि उन्हें आमजन की पीड़ा और अपेक्षा के रूप में गंभीरता से लिया जाए। इसी दृष्टिकोण ने जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण को सुनिश्चित किया।रैंकिंग के दौरान शिकायतों के मार्किंग समय, लंबित मामलों की संख्या, आवेदकों के फीडबैक, सी-श्रेणी संदर्भों की स्थिति, उच्चाधिकारियों की कार्यवाही, भौतिक सत्यापन और यूज़र प्रोफाइल सत्यापन जैसे कई बिंदुओं पर मूल्यांकन किया गया। पीलीभीत ने इन सभी मानकों पर शत-प्रतिशत प्रदर्शन किया।जनपद के 16 थानों जैसे जहानाबाद, दियोरिया कला, पूरनपुर, न्यूरिया, बीसलपुर, सुनगढ़ी, बरखेड़ा, कोतवाली, माधोटांडा, गजरौला, बिलसंडा, अमरिया, सेहरामऊ उत्तरी, हजारा,करेली और घुघचाई ने सभी निर्धारित मानकों पर 100 में से 100 अंक अर्जित किए।एसपी अभिषेक यादव ने इस सफलता का श्रेय पूरी टीम को देते हुए कहा,हमारी प्राथमिकता पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और संवेदनशीलता बनाए रखते हुए नागरिकों की शिकायतों का सार्थक समाधान करना है। यह केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि आगे की बेहतर सेवाओं के लिए प्रेरणा है।”




