बारिश बनी कहर,टीनशेड घर भरभराकर गिरा दंपति सहित चार घायल, एक की हालत गंभीर

बारिश बनी कहर,टीनशेड घर भरभराकर गिरा दंपति सहित चार घायल, एक की हालत गंभीर
पूरनपुर,पीलीभीत।तेज बारिश के चलते मंगलवार रात पूरनपुर क्षेत्र के एक गांव में टीनशेड से बना मकान अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे घर में सो रहे दंपति सहित चार लोग मलबे में दबकर घायल हो गए। इनमें से एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।हादसा मंगलवार देर रात तब हुआ जब परिवार सो रहा था। तेज धमाके की आवाज के साथ घर की छत और दीवारें ध्वस्त हो गईं, जिससे अंदर सो रहे लोग दब गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला और तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया।घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय प्रशासन को जैसे ही सूचना मिली, मौके पर एसडीएम पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि एक ग्रामीण महिला की हालत ज्यादा गंभीर है, जिसका इलाज पीलीभीत में चल रहा है। मामले की जांच की जा रही है।हादसे का शिकार हुआ परिवार लंबे समय से टीनशेड और कच्चे निर्माण में निवास कर रहा था, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक उन्हें सरकारी आवास योजना का लाभ नहीं मिला। पीड़ितों ने बताया कि कई बार आवेदन करने के बावजूद उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना या किसी भी राहत योजना में शामिल नहीं किया गया।घटना के समय घर में गुलजार,उनकी पत्नी महेन्द्री, पुत्र व अन्य सदस्य सो रहे थे। सभी को मलबे से बाहर निकालने में ग्रामीणों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। प्राथमिक इलाज के बाद एक महिला को जिला अस्पताल रेफर किया गया।मौके पर पहुंचे एसडीएम ने जांच और मुआवजे की कार्रवाई का भरोसा दिलाया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आपदा राहत फंड से तत्काल सहायता, आवास योजना में लाभ और जरूरी दैनिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।




