सड़ा नाला और बिलगवां रोड का डीएम ने किया निरीक्षण,जलभराव पर जताई चिंता
जलनिकासी के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित, ग्राम सचिवालय से हटेंगे अवैध वाहन

सड़ा नाला और बिलगवां रोड का डीएम ने किया निरीक्षण,जलभराव पर जताई चिंता
जलनिकासी के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित, ग्राम सचिवालय से हटेंगे अवैध वाहन
पीलीभीत।लगातार हो रही बारिश के चलते जलभराव की गंभीर होती स्थिति का जायजा लेने बुधवार को जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने माधोटांडा रोड स्थित सड़ा नाला और बिलगवां रोड का औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि सड़ा नाले पर भारी जलभराव के कारण आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। उन्होंने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि शीघ्र आवागमन की व्यवस्था कराई जाए और निर्माणाधीन पुलिया का कार्य जल्द से जल्द पूरा कराया जाए।बिलगवां रोड के निरीक्षण के दौरान भी जलभराव की स्थिति को गंभीर मानते हुए डीएम ने नगर मजिस्ट्रेट, अधिशासी अभियंता (लोक निर्माण) और खंड विकास अधिकारी मरौरी की तीन सदस्यीय टीम गठित कर दी। टीम को निर्देश दिए गए कि जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और ज़मीनी स्तर पर कार्यवाही में किसी भी तरह की ढिलाई न बरती जाए।इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने ग्राम सचिवालय बिलगवां का भी निरीक्षण किया।वहां उन्होंने पाया कि परिसर में ग्रामीणों द्वारा ट्रैक्टर-ट्राली और कृषि उपकरण खड़े किए गए हैं, जिससे शासकीय कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है। इस पर डीएम ने खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी अवैध वाहनों को तत्काल हटवाया जाए और सचिवालय को व्यवस्थित रूप से संचालित किया जाए।निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), नगर मजिस्ट्रेट, अधिशासी अभियंता, खंड विकास अधिकारी और संबंधित विभागों के जेई समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




