सफरनामा’ वन्यजीव पुस्तक की प्रति कथावाचक जया किशोरी को की भेंट,
लेखक की अनुपस्थिति में हिलाल और नेहाल खान ने की प्रस्तुति, जया किशोरी ने की सराहना

सफरनामा’ वन्यजीव पुस्तक की प्रति कथावाचक जया किशोरी को की भेंट,
– लेखक की अनुपस्थिति में हिलाल और नेहाल खान ने की प्रस्तुति, जया किशोरी ने की सराहना
पीलीभीत।प्रसिद्ध आध्यात्मिक वक्ता और कथावाचक जया किशोरी ने सोमवार देर शाम नई दिल्ली स्थित कुंजुम पुस्तक भंडार में अपनी प्रथम पुस्तक का लोकार्पण किया। इस विशेष अवसर पर वन्यजीवन संरक्षण पर आधारित चर्चित हिंदी पुस्तक ‘सफरनामा’ की टीम को भी विशेष आमंत्रण प्राप्त हुआ।समारोह में ‘सफरनामा’ की एक प्रति जया किशोरी को भेंट की गई, जिसे उन्होंने अत्यधिक सराहना के साथ स्वीकार किया।‘सफरनामा’ के लेखक बिलाल खान इस अवसर पर अस्वस्थता के कारण उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उनकी जगह उनके भाई हिलाल खान और नेहाल खान ने मंच पर पहुंचकर यह महत्वपूर्ण प्रस्तुति की। दोनों ने जया किशोरी से औपचारिक भेंट करते हुए ‘सफरनामा’ की प्रति उनके कर कमलों में समर्पित की।इस दौरान जया किशोरी ने ‘सफरनामा’ की विषयवस्तु को अत्यंत महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण की सेवा ही आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है, और इसे प्रथम सेवा धर्म माना जाना चाहिए। उन्होंने इस बात पर विशेष प्रसन्नता व्यक्त की कि इस पुस्तक ने न केवल वन्यजीवों के जीवन को सजीव शब्दों में प्रस्तुत किया है, बल्कि पाठकों में प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना को भी जाग्रत किया है।ज्ञात हो कि जया किशोरी ने पुस्तक के प्रथम भाग से ही ‘सफरनामा’ के प्रति विशेष आत्मीयता और सहयोग प्रदान किया है। उनकी ओर से निरंतर मनोबल बढ़ाने वाले संदेश लेखन टीम तक पहुँचते रहे हैं, जिससे लेखकों को पुस्तक को व्यापक स्तर पर पहुँचाने की प्रेरणा मिली।‘सफरनामा’, जो कि पीलीभीत टाइगर रिज़र्व सहित देश के विभिन्न वन क्षेत्रों के अनुभवों और अभियानों पर आधारित है, अब तक हजारों पाठकों के दिलों को छू चुका है। इसकी लेखनी में केवल वन्यजीवों की झलक नहीं, बल्कि मानव और प्रकृति के बीच संतुलन की बात भी गहराई से की गई है।कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण प्रेमियों, साहित्यकारों, एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। सभी ने जया किशोरी जी के विचारों को प्रेरणास्रोत मानते हुए ‘सफरनामा’ टीम को शुभकामनाएं दीं।हिलाल खान और नेहाल खान ने कहा कि “हम अपने बड़े भाई बिलाल खान के सपनों को लोगों तक पहुँचाने के लिए प्रयासरत हैं। जया किशोरी जी जैसी विभूतियों का आशीर्वाद पाकर हम और भी उत्साहित हैं।कार्यक्रम के अंत में जया किशोरी ने सभी को वन्यजीवों के संरक्षण, पर्यावरण की रक्षा और स्वच्छ प्रकृति के निर्माण के लिए संकल्प दिलाया।




