बारिश से लड़खड़ाई बिजली व्यवस्था, फॉल्ट सही करने में जुटे विद्युत कर्मचारी
मूसलधार बारिश ने बिगाड़ा जनजीवन,बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप

जलभराव और फाल्ट से जूझे बिजलीकर्मी, जान जोखिम में डालकर बहाल कर रहे आपूर्ति
पूरनपुर, पीलीभीत।
जिले में मंगलवार को हुई मूसलधार बारिश ने बिजली आपूर्ति को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। शहर से लेकर गांव तक दर्जनों क्षेत्रों में अचानक बिजली गुल हो गई। आंधी और बारिश से कई जगहों पर खंभे गिर गए, कई जगह बिजली की तारें टूट गई। इससे आमजनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया। सेहरामऊ उत्तरी इलाके में रात से हो रही मूसला धार बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया। बारिश होने से बिजली सप्लाई भी ठप हो गई। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।बिजली विभाग के कर्मचारियों ने बारिश रुकते ही फाल्ट दुरुस्त करने का काम शुरू किया। कई जगह पानी भरे होने के बावजूद कर्मचारियों ने जोखिम उठाकर बिजली व्यवस्था को सुचारु करने की कोशिश की। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, ज्यादा खराब क्षेत्रों में मरम्मत कार्य तेज़ी से चल रहा है और जल्द ही आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।सबसे गंभीर स्थिति उन मोहल्लों और गांवों की रही, जहां बारिश के कारण जलभराव हो गया है। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने जलमग्न गलियों और कीचड़ में उतरकर मरम्मत कार्य शुरू किया। जान जोखिम में डालते हुए कई कर्मचारियों ने खुले तारों और ट्रांसफॉर्मर की जांच की और फाल्ट को सुधारने का प्रयास किया।बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि भारी बारिश के चलते कई फीडर बंद हो गए हैं, जिन्हें क्रमवार ठीक किया जा रहा है। विभाग की कई टीमें क्षेत्र में लगातार काम कर रही हैं। उम्मीद है कि जल्द ही बिजली व्यवस्था बहाल कर दी जाएगी।




