पीलीभीत में अत्यधिक बारिश होने के कारण डीएम ने किया शहर का निरीक्षण,व्यवस्थाओं का लिया जायजा
लगातार हो रही बारिश से कई इलाकों में भरा पानी, जनजीवन प्रभावित

पीलीभीत में अत्यधिक बारिश होने के कारण डीएम ने किया शहर का निरीक्षण
ब्यूरो, पीलीभीत।
बीते 24 घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जनपद के कई क्षेत्रों में जलभराव की गंभीर स्थिति बन गई है। मुख्य मार्गों से लेकर गलियों तक पानी भर गया है, जिससे आमजन को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बाजारों में दुकानें प्रभावित हुई हैं और यातायात व्यवस्था भी चरमरा गई है। इसी समस्या को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने पीलीभीत ने शहर के विभिन्न जलभराव वाले इलाकों का दौरा किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर स्थिति का जायज़ा लिया और मौके पर ही नगर पालिका, जल निगम और आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से राहत व निकासी कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि जलनिकासी की व्यवस्था को तेजी से बेहतर किया जा रहा है और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। वही बारिश और जलभराव के कारण कुछ स्कूलों में छुट्टी घोषित करनी पड़ी है, वहीं जिला अस्पताल के बाहरी परिसर में भी पानी भर गया है जिससे मरीजों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।प्रशासन ने सभी बाढ़ चौकियों को अलर्ट पर रखा है और आपात स्थिति के लिए कंट्रोल रूम को सक्रिय कर दिया गया है। बाढ़ राहत टीमों को भी तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।जलभराव की समस्या पर जिला प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है। यदि बारिश इसी तरह जारी रही, तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। हालांकि प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि हर स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संसाधन और तैयारी पूरी है।




