स्कूल में अखबार बन रहा बच्चों के ज्ञान का स्रोत
प्रार्थना सभा में दैनिक समाचार पढ़कर छात्र बढ़ा रहे जानकारी

स्कूल में अखबार बन रहा बच्चों के ज्ञान का स्रोत
प्रार्थना सभा में दैनिक समाचार पढ़कर छात्र बढ़ा रहे जानकारी
कलीनगर,पीलीभीत।नगर क्षेत्र कलीनगर स्थित कम्पोजिट कन्या विद्यालय में छात्रों का ज्ञान बढ़ाने के लिए एक अभिनव पहल की जा रही है। खंड शिक्षा अधिकारी विजय वीरेंद्र सिंह के निर्देशन में स्कूल में प्रतिदिन प्रार्थना सभा के दौरान छात्रों को समाचार पत्र पढ़ने का अवसर दिया जा रहा है, जिससे वे देश-दुनिया की गतिविधियों से अवगत हो सकें।विद्यालय की प्रधानाध्यापिका डॉ. श्रुति कीर्ति यादव ने बताया कि बच्चों में समसामयिक घटनाओं की जानकारी और सामान्य ज्ञान को मजबूत करने के लिए प्रतिदिन अखबार पढ़ने की यह परंपरा शुरू की गई है। छात्र सुबह की सभा में प्रमुख समाचार पढ़ते हैं, जिसमें राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल, विज्ञान, साहित्य, तकनीक, पर्यावरण और सामाजिक मुद्दों की खबरें शामिल होती हैं।उन्होंने बताया कि इस पहल से छात्रों में न सिर्फ जागरूकता बढ़ी है, बल्कि उनकी भाषा शैली, वाचन कौशल और आत्मविश्वास में भी सुधार हो रहा है। छात्र अब चर्चा में भाग लेने लगे हैं और समाचारों को समझने तथा उस पर अपनी राय व्यक्त करने की क्षमता भी विकसित कर रहे हैं।विद्यालय के शिक्षक भी इस मुहिम में बच्चों का मार्गदर्शन कर रहे हैं। छात्रों से समाचार के बारे में सवाल-जवाब किए जाते हैं, जिससे उनकी समझ और रुचि को और गहराई मिलती है।खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए। समसामयिक जानकारी बच्चों को एक जागरूक नागरिक बनने की ओर अग्रसर करती है।इस प्रयास से छात्राओं में भी नेतृत्व क्षमता विकसित हो रही है और वे समाज के प्रति अधिक जिम्मेदार बन रही हैं।




