राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत मरौरी में एकदिवसीय कार्यशाला सम्पन्न
पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स के अंतर्गत ग्राम प्रधानों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी

राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत मरौरी में एकदिवसीय कार्यशाला सम्पन्न
ब्लॉक प्रमुख सभ्यता वर्मा ने पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स के अंतर्गत ग्राम प्रधानों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
पीलीभीत।गुरूवार को विकासखंड मरौरी के सभागार में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स विषय पर एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य पंचायतों की दक्षता,पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं समग्र विकास की दिशा में ग्राम प्रधानों को जागरूक व प्रशिक्षित करना रहा।कार्यशाला का उद्घाटन दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें विकासखंड मरौरी के समस्त सम्मानित ग्राम प्रधानों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खंड विकास अधिकारी ने भाग लिया जिन्होंने ग्रामीण प्रशासन की भूमिका, ई-गवर्नेंस और सामुदायिक भागीदारी पर विस्तार से प्रकाश डाला।कार्यशाला में विशेषज्ञ वक्ताओं ने पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स के विभिन्न मापदंडों—जवाबदेही, पारदर्शिता, योजना निर्माण, वित्तीय प्रबंधन, सेवा वितरण, एवं सतत विकास—के बारे में ग्राम प्रधानों को विस्तार से जानकारी दी। साथ ही, डिजिटल माध्यमों से पंचायतों की कार्यप्रणाली को कैसे सुदृढ़ किया जा सकता है, इस पर व्यावहारिक सत्र भी आयोजित किए गए।खंड विकास अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा, “ग्राम पंचायतें ग्रामीण विकास की रीढ़ हैं। हमें इन्हें न सिर्फ जवाबदेह और पारदर्शी बनाना है, बल्कि तकनीक के समुचित उपयोग से प्रभावी सेवा वितरण सुनिश्चित करना है।” उन्होंने यह भी बताया कि PAI के जरिए प्रत्येक पंचायत का वार्षिक मूल्यांकन किया जाएगा, जिससे राज्य व केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में मदद मिलेगी।कार्यशाला के दौरान ग्राम प्रधानों ने भी अपनी पंचायतों से जुड़े अनुभव साझा किए और अनेक सवालों के माध्यम से विषय को और गहराई से समझा। कार्यशाला में ब्लॉक स्तरीय अधिकारीगण, तकनीकी सहायक, पंचायत सचिव, और आई.टी. सहायक आदि की भी उपस्थिति रही।अंत में कार्यक्रम के संयोजक द्वारा सभी ग्राम प्रधानों को आगामी पंचवर्षीय योजना के लिए प्राथमिकताएं तय करने तथा PAI के अनुसार पंचायतों को उच्च स्तर तक पहुँचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया गया।




