वर्षों से फरार वारण्टी अभियुक्त साबिर गिरफ्तार, जीआरपी मैलानी पुलिस को बड़ी सफलता

वर्षों से फरार वारण्टी अभियुक्त साबिर गिरफ्तार, जीआरपी मैलानी पुलिस को बड़ी सफलता
(विकास सिंह)
मैलानी, खीरी।रेलवे अनुभाग लखनऊ के पुलिस अधीक्षक द्वारा चलाए जा रहे वांछित एवं वारण्टी अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत जीआरपी मैलानी पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस उपाधीक्षक रेलवे द्वितीय अनुभाग लखनऊ के मार्गदर्शन तथा प्रभारी निरीक्षक राम सहाय सिंह के निर्देशन में चौकी प्रभारी जीआरपी मैलानी सुधेश कुमार ने पुलिस बल के साथ मिलकर विगत कई वर्षों से फरार चल रहे एक वारण्टी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।पुलिस टीम ने हाल पता निवासी ग्राम मटरूनगर शेरपुर थाना पूरनपुर जिला पीलीभीत निवासी वारण्टी अभियुक्त साबिर पुत्र रमजानी को गिरफ्तार किया।अभियुक्त के विरुद्ध मा० न्यायालय अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम, लखीमपुर खीरी द्वारा धारा 83 दंड प्रक्रिया संहिता के अंतर्गत कुर्की आदेश भी जारी किया गया था। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध वाद संख्या 1785/21, मु०अ०सं० 26/09, धारा 4/25 आयुध अधिनियम थाना जीआरपी लखीमपुर में दर्ज है। अभियुक्त की उम्र लगभग 54 वर्ष है और वह ग्राम सिमरिया थाना पूरनपुर जिला पीलीभीत का मूल निवासी है, जो लंबे समय से फरार चल रहा था।चौकी प्रभारी सुधेश कुमार के साथ मुख्य आरक्षी राजेश कुमार एवं मुख्य आरक्षी दिनेश सिंह यादव ने अभियुक्त को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पुलिस ने विधिक कार्यवाही पूर्ण कर अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने की तैयारी कर ली है।रेलवे पुलिस की इस सफलता से फरार अपराधियों में हड़कंप मच गया है और अभियान को लेकर पुलिस टीम की सराहना की जा रही है।