खारजा नहर में मिला विशाल मृत अजगर, वन विभाग ने शुरू की जांच

खारजा नहर में मिला विशाल मृत अजगर, वन विभाग ने शुरू की जांच
पीलीभीत।कलीनगर तहसील क्षेत्र की खारजा नहर में सोमवार को एक करीब 15 फीट लंबा मृत अजगर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।अजगर का शव पानी में बहता देख ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद विभागीय टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर जांच शुरू की।प्राथमिक तौर पर अजगर की मौत का कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आ पाया है।वन विभाग की टीम इसे फिलहाल प्राकृतिक मौत मान रही है, लेकिन पूरी पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।विशाल अजगर को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। कुछ लोग वीडियो और फोटो लेने में मशगूल रहे, जिससे भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन को भी हस्तक्षेप करना पड़ा।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में अक्सर अजगर और अन्य सर्प प्रजातियां देखी जाती रही हैं, लेकिन इतनी बड़ी लंबाई का अजगर पहले कभी नजर नहीं आया।वन विभाग अब यह भी पता लगाने में जुटा है कि यह अजगर नहर में कैसे पहुंचा।घटना के बाद से इलाके में वन्य जीवों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है। ग्रामीणों में इस रहस्यमयी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी चल रही हैं।




