जिसे गोद में होना था, उसे सड़क पर फेंक गए बेरहम लोग, पुलिस कर रही मामले की जांच
कितनी पत्थरदिल हो गई है यह दुनिया… जिस मासूम ने अभी इस दुनिया को ठीक से देखा भी नहीं था, जिसने अभी मां की गोद की गर्माहट तक महसूस नहीं की थी, उसे बेरहमी से सड़क किनारे फेंक दिया गया।नवजात शिशु का शव कुत्तों ने भी खूब नोंचा। खबर ने हर संवेदनशील इंसान का दिल दहला दिया। सोचने वाली बात यह है कि आखिर कैसे लोग हैं वे, जिनके हाथ एक मासूम की जिंदगी छीनते समय जरा भी नहीं कांपे।जिस बच्चे को प्यार, दुलार और सुरक्षा मिलनी चाहिए थी, उसे कपड़े में लपेटकर ऐसे फेंक दिया गया जैसे उसकी कोई कीमत ही न हो। यह सिर्फ एक शव नहीं, बल्कि इंसानियत पर लगा एक गहरा सवाल है।जानकारी के अनुसार बीसलपुर थाना क्षेत्र के बिलसंडा तिराहे के पास शनिवार को एक तेज रफ्तार कार वहां आकर रुकी। कार में सवार अज्ञात लोगों ने कपड़े में लिपटा एक पैकेट सड़क किनारे फेंका और तुरंत वहां से निकल गए। कार के जाने के बाद राहगीरों को पैकेट देखकर संदेह हुआ। जब लोगों ने पास जाकर देखा तो उसमें एक नवजात शिशु का शव मिला। यह खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।घटना की जानकारी मिलने पर बीसलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही समय और कारणों का पता चल सकेगा। इससे मामले की जांच को अहम दिशा मिलने की उम्मीद है।पुलिस अब घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि कार और उसमें सवार लोगों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नवजात को कहां से लाया गया और शव को यहां क्यों फेंका गया।बीसलपुर के थानाध्यक्ष संजीव शुक्ला ने बताया कि बिलसंडा तिराहे के पास नवजात का शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि अज्ञात कार सवारों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।