Uncategorized

हाईवे पर मौत का तांडव: चार ट्रकों की भिड़ंत में युवक की दर्दनाक मौत, होली से पहले छाया मातम

हाईवे पर मौत का तांडव: चार ट्रकों की भिड़ंत में युवक की दर्दनाक मौत, होली से पहले छाया मातम

पीलीभीत। जनपद के थाना गजरौला क्षेत्र में पीलीभीत–पूरनपुर हाईवे पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में गजरौला कला निवासी 35 वर्षीय सोमपाल पुत्र तोताराम की मौत हो गई। हादसा ग्राम गढ़ा पचपेड़ा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास उस समय हुआ, जब धर्मकांटे से खाली ट्रक का वजन कराकर एक चालक वाहन को बैक कर रहा था। बताया जा रहा है कि पीछे तीन अन्य खाली ट्रक आपस में भिड़ गए और देखते ही देखते चारों ट्रक क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक संख्या UP21CN6324 के सहचालक सोमपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही थाना गजरौला पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल भिजवाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक ट्रक पर 12 लोग और दूसरे ट्रक पर भी 12 लोग सवार थे। हादसे में अन्य लोगों के घायल होने की भी सूचना है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
———-

होली से पहले बुझ गया घर का चिराग

सोमपाल की मौत से गजरौला कला गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार में तीन बड़ी बहनें और दो बड़े भाई हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। सबसे छोटे सोमपाल अपने भाई खेमकरण के साथ रहते थे। माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। मेहनत-मजदूरी कर वह परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे।.होली के त्योहार से ठीक पहले हुई इस दुखद घटना ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। जहां एक ओर घर में रंग और गुलाल की तैयारियां चल रही थीं, वहीं अब सोमपाल के घर सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार सोमपाल मिलनसार और मेहनती युवक थे, जिनकी असमय मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!