गुरुद्वारे लौट रहे ग्रंथी पर जानलेवा हमला, खेत में मिले लहूलुहान

गुरुद्वारे लौट रहे ग्रंथी पर जानलेवा हमला, खेत में मिले लहूलुहान
हालत गंभीर होने पर बरेली के निजी अस्पताल में चल रहा उपचार
पूरनपुर,पीलीभीत।रविवार देर शाम बेखौफ बदमाश ने गुरुद्वारे में सेवा दे रहे ग्रंथी पर जानलेवा हमला कर सनसनी फैला दी। हमले के बाद वह खेत में गंभीर हालत में पड़े मिले। घटना से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब गुरुद्वारे से जुड़े एक ग्रंथी पर अज्ञात हमलावर ने नुकीले औजार से हमला कर दिया। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की तो वह खेत में गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित की पत्नी की ओर से अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। जानकारी के अनुसार, खुटार थाना क्षेत्र के गांव कजरा निवासी हरविंदर सिंह पिछले तीन वर्षों से पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव रम्पुरा कोन स्थित गुरुद्वारे में ग्रंथी के रूप में सेवा दे रहे हैं। वह अपने परिवार सहित गुरुद्वारे परिसर में ही निवास करते हैं। बताया जा रहा है कि रविवार देर शाम हरविंदर सिंह घर से वापस गुरुद्वारा लौट रहे थे। जैसे ही वह गुरुद्वारे जाने वाले मार्ग पर नदहा पुलिया के पास पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात व्यक्ति ने खड्डा खोदने वाले वरमा से उन पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए ग्रंथी काफी दूर तक भागे, लेकिन हमलावर पीछा करता रहा।काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की। तलाश के दौरान वह पास के खेत में घायल अवस्था में मिले। सूचना मिलते ही ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें बरेली रेफर कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में नाराजगी और दहशत का माहौल है। पीड़ित की पत्नी गुरजीत कौर की ओर से अज्ञात हमलावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावर की तलाश जारी है।
——-
ग्रंथी को जान से मारने का प्रयास किया गया है। अब उनकी हालत खतरे से बाहर है। मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शीघ्र आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।
पवन पांडेय, कोतवाल पूरनपुर




