एडीओ पंचायत का तुगलकी फरमान! जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए तय किया नया समय
3 बजे के बाद ही होगा काम—ऑनलाइन आवेदन के बावजूद समय सीमा, नोटिस वायरल

एडीओ पंचायत का तुगलकी फरमान! जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए तय किया नया समय
3 बजे के बाद ही होगा काम—ऑनलाइन आवेदन के बावजूद समय सीमा, नोटिस वायरल
पूरनपुर, पीलीभीत। पूरनपुर ब्लॉक में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) के एक आदेश ने अचानक हलचल मचा दी है। हाल ही में तैनात एडीओ पंचायत हरिश्चंद्र भारती द्वारा कार्यालय के बाहर चस्पा किए गए एक नोटिस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। नोटिस में स्पष्ट लिखा गया है कि जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित कार्य अब दोपहर 3 बजे के बाद ही किए जाएंगे। बुधवार को लगाए गए इस नोटिस के नीचे आज्ञा से—हरिश्चंद्र भारतीय, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), पूरनपुर अंकित है। नोटिस सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। गौरतलब है कि जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आवेदन प्रक्रिया पहले से ही ऑनलाइन माध्यम से की जाती है, इसके बावजूद कार्यालय स्तर पर समय सीमा तय किए जाने से लोगों को अनावश्यक परेशानी होने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय जानकारों के अनुसार, पूरनपुर ब्लॉक क्षेत्रफल और जनसंख्या के लिहाज से काफी बड़ा ब्लॉक है, जहां रोजाना भारी संख्या में लोग इन प्रमाण पत्रों से संबंधित कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में अब समय सीमा निर्धारित होने से दूर-दराज से आने वाले लोगों को असुविधा होने की बात कही जा रही है।हालांकि, इस मामले में एडीओ पंचायत हरिश्चंद्र भारती ने सफाई देते हुए बताया कि यह समय सीमा आम जनता के लिए नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सचिवों द्वारा जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित अभिलेख किसी भी समय लाए जाते थे, जिससे कार्य में अव्यवस्था हो रही थी। इसी को व्यवस्थित करने के लिए सचिवों के लिए दोपहर 3 बजे के बाद का समय निर्धारित किया गया है।उन्होंने यह भी कहा कि आम आवेदकों के लिए कोई समय सीमा निर्धारित नहीं की गई है और वे कार्य दिवस में किसी भी समय अपने कार्य के लिए कार्यालय आ सकते हैं।इसके बावजूद नोटिस को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं। अब देखना यह होगा कि यह व्यवस्था व्यवहार में कितनी प्रभावी साबित होती है और लोगों को राहत मिलती है या नहीं।




