दशकों बाद बन रही सड़क में अड़ंगा, विकास कार्य रोकने की साजिश

दशकों बाद बन रही सड़क में अड़ंगा, विकास कार्य रोकने की साजिश
पूरनपुर,पीलीभीत। पूरनपुर ब्लाक क्षेत्र के गांव मुझा खुर्द कला में वर्षों बाद हो रहे खड़ंजा सड़क निर्माण कार्य में कुछ लोगों द्वारा व्यवधान उत्पन्न करने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार करीब 50 साल बाद इस मार्ग पर सड़क निर्माण कराया जा रहा है, जिससे गांव में खुशी का माहौल है, लेकिन कुछ लोग इसमें बाधा डाल रहे हैं। बताया गया कि गांव में करीब 200 मीटर लंबी सड़क पर खड़ंजा लगाया जा रहा है। इससे पहले यह मार्ग बेहद खराब स्थिति में था और पगडंडी व गड्ढों के सहारे लोगों को आवागमन करना पड़ता था। बरसात के समय स्थिति और भी दयनीय हो जाती थी, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। मामले में शिकायत मिलने पर एक दिन पहले डायल 112 पुलिस भी मौके पर पहुंची थी और स्थिति का जायजा लिया था। ग्राम प्रधान पति इकरार खान ने बताया कि सड़क निर्माण से गांव के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी, लेकिन कुछ लोग निजी स्वार्थ के चलते कार्य में अड़ंगा डाल रहे हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग झूठी शिकायत करने की धमकी देकर काम रुकवाने की कोशिश कर रहे हैं। प्रधान के अनुसार उनके कार्यकाल में गांव में कई ऐतिहासिक विकास कार्य कराए गए हैं, जिससे विपक्ष के कुछ लोग असहज हैं और इसी कारण वे लगातार बाधाएं उत्पन्न कर रहे हैं। प्रधान ने कहा कि इस संबंध में प्रधान संगठन एवं उच्च अधिकारियों से शिकायत की जाएगी, ताकि विकास कार्य बिना रुकावट के पूरा कराया जा सके। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि मामले में हस्तक्षेप कर सड़क निर्माण कार्य को सुचारु रूप से पूरा कराया जाए।




