थाना सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र के गांव बबरौआ का मामला।
पूरनपुर,पीलीभीत।
दरवाजे के सामने भैंस नहलाने को लेकर विवाद हो गया। विरोध पर चार लोगों नें एक युवक के साथ गाली गलौज कर मारपीट की।पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार थाना सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र के ग्राम बबरौआ निवासी अवधेश कुमार पुत्र रामस्वरूप ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 18 मार्च 2026 को करीब दोपहर 12 बजे गांव के ही आलोक पुत्र मटरूलाल उसके घर के सामने खड़ंजे पर भैंस को नहला रहे थे। पीड़ित के अनुसार, उसने खड़ंजा खराब होने की बात कहते हुए वहां भैंस नहलाने का विरोध किया, लेकिन आरोपित नहीं माने।अवधेश का कहना है कि जब उसने इस पूरे घटनाक्रम का मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया, तभी आलोक, आकाश पुत्रगण मटरूलाल, अनीकेत पुत्र रामकिशोर और सुबोध पुत्र अजयपाल ने एकजुट होकर गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट कर दी।पीड़ित के मुताबिक, वह अपनी जान बचाकर थाने की ओर जा रहा था, लेकिन आरोपित लाठी-डंडे लेकर उसका पीछा करते हुए थाने के पास तक पहुंच गए और दोबारा मारने का प्रयास किया। इसी दौरान पड़ोसी बागेश पुत्र रामस्वरूप ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपितों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। जिसके बाद युवक ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत पुलिस को तहरीर देकर की। पुलिस ने मामले में बबरौआ गांव निवासी आलोक, आकाश अनिकेत और सुबोध के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह नें बताया युवक से मारपीट करने के मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
Back to top button
error: Content is protected !!