त्रिवेणी घाट पर विकास की गूंज: जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि ने पांच पक्के घाटों का किया शिलान्यास

त्रिवेणी घाट पर विकास की गूंज: जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि ने पांच पक्के घाटों का किया शिलान्यास
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गुरभाग सिंह बोले विकास की दिशा में अहम कदम
पूरनपुर,पीलीभीत। गोमती नदी के पावन त्रिवेणी घाट पर अब विकास की नई इबारत लिखी जाएगी। वर्षों से कच्चे और असुविधाजनक घाट पर स्नान करने को मजबूर श्रद्धालुओं को जल्द ही पक्के, सुरक्षित और व्यवस्थित घाट की सौगात मिलने जा रही है। जिला पंचायत की ओर से यहां पांच पक्के घाटों के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया।
शिलान्यास कार्यक्रम में जिला पंचायत प्रतिनिधि डॉ. गुरभाग सिंह ने यूथ इन एक्शन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शत्रुद्र प्रताप सिंह की गरिमामय उपस्थिति में नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गोमती भक्त और ग्रामीण मौजूद रहे। श्रद्धालुओं को मिलेगी सुरक्षित स्नान सुविधा जिला पंचायत की योजना के अनुसार त्रिवेणी घाट पर पांच पक्के घाटों का निर्माण कराया जाएगा। घाट के दोनों ओर मजबूत और चौड़ी सीढ़ियां बनाई जाएंगी, ताकि स्नान के दौरान फिसलन या दुर्घटना की आशंका कम हो। बरसात और बाढ़ के समय भी घाट सुरक्षित रहे, इसे ध्यान में रखकर निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही पूरे घाट क्षेत्र का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। साफ-सफाई, समतलीकरण और बैठने की व्यवस्था भी विकसित की जाएगी, जिससे धार्मिक आयोजनों और पर्वों के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिल सके।त्रिवेणी घाट क्षेत्र में गोमती भक्तों की विशेष आस्था का केंद्र है। अमावस्या, पूर्णिमा और अन्य पर्वों पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। अब पक्के घाट बनने से न केवल सुविधा बढ़ेगी, बल्कि क्षेत्र की धार्मिक पहचान भी मजबूत होगी।ग्रामीणों में उत्साह शिलान्यास कार्यक्रम में गांव के गोमती भक्तों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। प्रमुख रूप से लक्ष्मण प्रसाद वर्मा, रोजगार सेवक बच्चूलाल, सचिन, संजू, रोशनलाल, सियाराम, मास्टर मस्तान, हनीफ, विवेक वर्मा, अभिषेक, करन शर्मा, विनोद, रहीश सहित दर्जनों ग्रामवासी उपस्थित रहे।ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से पक्के घाट की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी होती दिख रही है। उनका मानना है कि घाट निर्माण से धार्मिक पर्यटन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।जिला पंचायत प्रतिनिधि डॉ. गुरभाग सिंह ने कहा कि गोमती नदी क्षेत्र की आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी है। घाटों का निर्माण केवल सुविधा का कार्य नहीं, बल्कि धार्मिक स्थल की गरिमा बढ़ाने का प्रयास है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा। त्रिवेणी घाट पर शुरू हुआ यह निर्माण कार्य क्षेत्र में विकास की नई उम्मीद जगाता नजर आ रहा है। श्रद्धालुओं को अब जल्द ही एक सुसज्जित और सुरक्षित घाट की सुविधा मिलने की आस बंध गई है।




