Uncategorized

ट्रांस शारदा क्षेत्र में खनन का कहर: ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर युवक की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश

ट्रांस शारदा में खनन का कहर: ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर युवक की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश

पूरनपुर/पीलीभीत। मिट्टी भरी ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना से ग्रामीणों में काफी नाराजगी देखी जा रही है। पूरनपुर तहसील के ट्रांस शारदा क्षेत्र में मिट्टी खनन एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। रामनगर तिराहे के पास खनन में लगी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से 26 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए पलिया अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। जानकारी के अनुसार क्षेत्र में लंबे समय से रात के अंधेरे में अवैध खनन का कार्य जारी है। मंगलवार शाम भी मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज रफ्तार से रामनगर तिराहे की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे बाइक सवार युवक को ट्रॉली ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दब गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 26 वर्षीय भूपेंद्र पुत्र लालचंद निवासी ग्राम बहादुर नगर (रामनगर) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे दौड़कर पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर शव को कब्जे में लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांस शारदा क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत और मिट्टी खनन धड़ल्ले से चल रहा है। रात के समय भारी वाहनों की आवाजाही से लगातार खतरा बना रहता है। कई बार शिकायत के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे खनन में लगे लोगों के हौसले बुलंद हैं। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस हादसे ने एक बार फिर अवैध खनन के मुद्दे को गंभीरता से उठाने की जरूरत पर जोर दे दिया है। हजारा थाना प्रभारी शरद कुमार ने बताया संपूर्णानगर चीनी मिल में बन रहे गोदाम में मिट्टी पड़ रही है। इनकी परमिशन भी है। मिट्टी हजारा से उठ रही है। शव पोस्टमार्टम भेजा जा रहा है। अभी तहरीर नहीं मिली है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!