ससुराल पहुंची विवाहिता की पिटाई,आग लगाकर जान लेने की कोशिश, छह पर केस

ससुराल पहुंची विवाहिता की पिटाई,आग लगाकर जान लेने की कोशिश, छह पर केस
सूचना पर पहुंची पुलिस, हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर
पीलीभीत। इलाज करा कर घर लौटे पति को देखने ससुराल पहुंची एक विवाहिता के साथ मारपीट कर आग से झुलसाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को देख आरोपी फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल विवाहिता को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। मामले में पीड़िता के पिता ने पुलिस ने छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।माधोटांडा थाना क्षेत्र के गांव न्यूरिया मल्लपुर निवासी शमशेर खान ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी नूरी का निकाह वर्ष 2018 में कोतवाली क्षेत्र के गांव मुझा कला के मदीना नगर निवासी फिरोज खान के साथ किया था। शादी के समय परिजनों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया था, इसके बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा कम दहेज का दबाव बनाकर नूरी को प्रताड़ित किया जाने लगा।पीड़िता के एक बेटा और एक बेटी भी हैं। पारिवारिक विवाद बढ़ने पर वह बीते करीब दो माह से अपने मायके में रह रही थी। शमशेर खान ने बताया कि दामाद की किडनी में गंभीर समस्या होने पर उसका उपचार कराया गया था। 2 फरवरी को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद युवक घर पहुंचा, जिस पर 3 फरवरी को नूरी अपने पति की तबीयत देखने ससुराल गई थी।आरोप है कि ससुराल पहुंचते ही पति फिरोज, सास-ससुर, देवर और ननद सहित करीब आधा दर्जन लोगों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद कथित रूप से उसे आग के हवाले कर दिया गया। किसी तरह जान बचाकर वह घर से बाहर निकल पाई और नाली में गिरकर आग बुझाई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे। घायल विवाहिता को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पति फिरोज, सास रिहाना, ससुर महमूद खां, देवर आदिल, अफरोज ननद नसरीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।




