शेरपुर कलां में कूड़े में लगाई आग से फैला धुंआ, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
शेरपुर कलां में कूड़े की आग बनी आफत, पूरे गांव में फैला जहरीला धुंआ

शेरपुर कलां में कूड़े की आग बनी आफत, पूरे गांव में फैला जहरीला धुंआ
शेरपुर कलां में कूड़े में लगाई आग से फैला धुंआ, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
पूरनपुर,पीलीभीत।शेरपुर कलां के नकटिया पुलिया के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा कूड़े के ढेर में आग लगा दी गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और उससे उठने वाला घना धुंआ पूरे गांव में फैल गया।स्थिति यह हो गई कि कई घरों के भीतर तक धुंआ भर गया, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग सबसे पहले नकटिया पुलिया के समीप पड़े कूड़े के ढेर से उठती दिखाई दी। तेज हवा के कारण आग ने आसपास के सूखे कचरे और झाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में काला धुंआ पूरे क्षेत्र में छा गया। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को घरों के दरवाजे-खिड़कियां बंद करनी पड़ीं,फिर भी धुंआ अंदर तक पहुंच गया।स्थिति गंभीर होती देख ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस हेल्पलाइन 100 नंबर पर सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित किया। करीब एक घंटे की कार्रवाई के बाद हालात सामान्य हो सके।ग्रामीणों में इस घटना को लेकर आक्रोश भी देखा गया। उनका कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू न पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि कूड़े के ढेर को नियमित रूप से हटवाया जाए और ऐसे अराजक तत्वों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए।फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खुले में कूड़ा न जलाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बना रहा, हालांकि समय रहते राहत मिलने से बड़ी अनहोनी टल गई।




