Uncategorized
सभी के प्रिय एडीओ को सम्मान भरी विदाई, भावुक माहौल में छलके जज्बात, 6 साल में कार्यशैली से जीता दिल, सेवा यात्रा को विराम

सभी के प्रिय एडीओ को सम्मान भरी विदाई, भावुक माहौल में छलके जज्बात, 6 साल में कार्यशैली से जीता दिल, सेवा यात्रा को विराम
पूरनपुर,पीलीभीत। सरकारी सेवा में कुछ अधिकारी अपने व्यवहार, कार्यशैली और पारदर्शिता से ऐसी पहचान बना लेते हैं कि विदाई के क्षण पूरे तंत्र को भावुक कर देते हैं। सरकारी सेवा का एक सफल अध्याय शनिवार को उस समय भावुक माहौल में समापन की ओर पहुंचा, जब पूरनपुर ब्लाक सभागार में एडीओ पंचायत अजय देवल को सम्मान भरी विदाई दी गई।

छह वर्षों तक अपनी कार्यशैली, सरल स्वभाव और पारदर्शी कामकाज से सभी के प्रिय बने अजय देवल के विदाई समारोह में जज्बात खुलकर सामने आए। मूल रूप से तहसील क्षेत्र के गांव पिपरिया दुलई निवासी अजय देवल की फरवरी 2020 में पूरनपुर ब्लाक में एडीओ पंचायत के पद पर तैनाती हुई थी। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने पंचायत व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने, विकास कार्यों की निगरानी और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाई। प्रधानों और कर्मचारियों के साथ समन्वय बनाकर काम करने की उनकी शैली की सराहना होती रही। शनिवार को आयोजित विदाई समारोह में ब्लाक सभागार तालियों से गूंज उठा।

अधिकारियों, ग्राम प्रधानों, पंचायत सचिवों और पत्रकारों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए फूलमालाओं से सम्मानित किया और स्मृति चिन्ह भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रभारी खंड विकास अधिकारी हेमंत कुमार यादव ने कहा कि अजय देवल ने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ किया। उन्होंने विकास कार्यों में पारदर्शिता और गति दोनों सुनिश्चित कीं, जिससे ब्लाक को नई दिशा मिली।अपने संबोधन में अजय देवल भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि पूरनपुर में बिताया गया समय उनके जीवन का अविस्मरणीय हिस्सा रहेगा। यहां के स्टाफ और अधिकारियों का सहयोग हमेशा याद रहेगा। उन्होंने सभी के स्नेह और सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। समारोह में एपीओ आदर्श कुमार, ग्राम पंचायत सचिव रामकिशोर, अवनीश कुमार, अतुल कुमार, राहुल भारती, सौरभ गंगवार, नागेंद्र कुमार, मंजुल मिश्रा, ओम प्रकाश, सुरेश वर्मा, सुबोध कुमार, राकेश शर्मा, अखिलेश गुप्ता, बृजेश कुमार, राहुल कनौजिया, विशाल कुमार, राजेश कुमार, पंकज आर्या, राजकुमार सहित पूरनपुर, मरौरी और अन्य ब्लाकों के सचिव व प्रधान मौजूद रहे।विदाई के क्षणों में जहां एक ओर तालियां गूंज रही थीं, वहीं दूसरी ओर आंखें भी नम दिखीं। सभी ने उनके स्वस्थ, सुखद और सफल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें नई पारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
—————-‐—–



