खुलासे के लिए सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, चोर अब भी पकड़ से बाहर

खुलासे के लिए सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, चोर अब भी पकड़ से बाहर
पीलीभीत।शेरपुर कलां के मोहल्ला नवदिया में बंद घर से हुई नकदी और आभूषण चोरी की घटना के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। वारदात के कई दिन बीत जाने के बावजूद चोरों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। लगातार चोरी, गोवंशीय पशुओं का वध और महिला अपराधों से क्षेत्रवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी। सूत्रों के अनुसार आसपास के इलाकों में लगेसीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सफलता नहीं मिली है। पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद से केवल पूछताछ और औपचारिकताएं ही की जा रही हैं। पीड़ित आसिफ वेग ने बताया कि चोरी में नकदी के साथ कीमती आभूषण भी ले जाए गए हैं, लेकिन अब तक न तो कोई बरामदगी हुई है और न ही किसी संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। परिवार का आरोप है कि पुलिस की सुस्त कार्रवाई से चोरों के हौसले बुलंद हैं।घटना के बाद मोहल्ला नवदिया सहित आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि रात के समय गश्त न के बराबर होती है, जिसका फायदा अपराधी उठा रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्धों पर कड़ी नजर रखने की मांग की है।पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा। हालांकि, अब तक कोई ठोस परिणाम सामने न आने से पुलिस के दावों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।फिलहाल, चोरी कांड का खुलासा कब होगा, इस पर पूरे क्षेत्र की नजरें टिकी हुई हैं। लोग चाहते हैं कि पुलिस सिर्फ जांच के दावे न करे, बल्कि जल्द से जल्द चोरों को पकड़कर चोरी गए सामान की बरामदगी भी करे। कोतवाल पवन पांडेय ने बताया मामले की जांच की जा रही है।




