कानून के मैदान पर क्रिकेट का रोमांच: पूरनपुर में बार बनाम बैंच मुकाबले में बैंच की जीत

कानून के मैदान पर क्रिकेट का रोमांच: पूरनपुर में बार बनाम बैंच मुकाबले में बैंच की जीत
पूरनपुर,पीलीभीत। शेरपुर रोड पर पूरनपुर में स्थित दि वर्डेंट पब्लिक स्कूल के खेल मैदान पर बार बनाम बैंच के बीच मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच का भव्य आयोजन किया गया। इस रोमांचक मुकाबले में बार टीम की कमान एडवोकेट असद हुसैन खाँ ने संभाली, जबकि बैंच टीम का नेतृत्व ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट अरुण कुमार ने किया।मैच का शुभारंभ प्रगतिशील अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष अजीत सक्सेना उर्फ संजय, मंत्री सुशील सक्सेना एवं वरिष्ठ अधिवक्ता हाजी अतीक द्वारा किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई, जिससे वातावरण में देशभक्ति और अनुशासन का भाव दिखाई दिया।टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए बैंच टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और निर्धारित ओवरों में 189 रनों का मजबूत लक्ष्य खड़ा किया। बैंच टीम की ओर से शिवम ने 53 रन तथा जगवीर सिंह ने 50 रनों की बेहतरीन पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बार टीम की ओर से उप कप्तान जावेद खुसरो ने 59 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन टीम लक्ष्य से 12 रन पीछे रह गई। इस प्रकार बैंच टीम ने 12 रनों से मुकाबला जीतकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।मैच के दौरान प्रगतिशील अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष अजीत सक्सेना उर्फ संजय, मंत्री सुशील सक्सेना, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय पांडेय, पूर्व अध्यक्ष अमिताभ मिश्र, मुकेश गुप्ता, वरिष्ठ अधिवक्ता हाजी अतीक सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेल भावना की सराहना की।बार टीम में कप्तान असद हुसैन खाँ के साथ तनुज सक्सेना, यूनुस खान, फैजान, जावेद खुसरो, फजल खान, अभिषेक, आरिफ, मोहित, देवेंद्र और अलीशान शामिल रहे।बैंच टीम में कप्तान अरुण कुमार के साथ शुभम, अंकित, प्रखर, पंकज, नरेंद्र, सतेंद्र, जगवीर सिंह, हरमन सिंह, रवि और अनिल कुमार ने प्रतिभाग किया।मैच के समापन पर आयोजकों ने दोनों टीमों की खेल भावना की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन आपसी सौहार्द, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं।




