क्राइम

घर से लापता युवक का शव पेड़ पर लटका मिला, तीन दिन में तीसरी बड़ी घटना से दहशत

घर से लापता युवक का शव पेड़ पर लटका मिला, तीन दिन में तीसरी बड़ी घटना से दहशत

पूरनपुर,पीलीभीत। हजारा थाना क्षेत्र में बुधवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब घर से लापता युवक का शव गांव से आधा किलोमीटर दूर पेड़ पर लटका मिला। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।जानकारी के अनुसार हजारा थाना क्षेत्र के गांव बाजारघाट निवासी 26 वर्षीय सुरेंद्र सिंह उर्फ बंटी, पुत्र बलजिंदर सिंह, मंगलवार शाम घर से निकला था। देर रात तक वापस न लौटने पर परिवार के लोगों ने तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। बुधवार को पिता ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। इसी बीच शाम करीब सात बजे युवक का शव गांव से आधा किलोमीटर दूर एक पेड़ पर लटका मिला।सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं।तीन दिन में लगातार घटनाओं से दहशत हजारा क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही घटनाओं ने ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया है। हाल ही में एक वृद्ध महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की घटना से लोग उबर भी नहीं पाए थे कि अवैध खनन में लगी ट्राली से कुचलकर एक युवक की मौत हो गई। अब घर से लापता युवक का शव पेड़ पर लटका मिलने से क्षेत्र में खलबली और बढ़ गई है। लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। ग्रामीणों में चर्चा है कि आखिर एक के बाद एक हो रही इन घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण क्यों नहीं हो पा रहा। लोग प्रशासन से सख्त कार्रवाई और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।थाना प्रभारी शरद कुमार ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट कारण सामने आ सकेगा। अन्य घटनाओं को लेकर भी पुलिस कार्रवाई कर रही है। लगातार हो रही घटनाओं ने हजारा क्षेत्र में चिंता और दहशत का माहौल बना दिया है। ग्रामीण अब प्रशासन से ठोस कदम उठाने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!