डीएम का निर्देश—हर हाल में छात्रों को मिलेगा प्रवेश पत्र, परीक्षा से वंचित करने पर स्कूल संचालको पर होगी कार्रवाई

- डीएम का निर्देश—हर हाल में छात्रों को मिलेगा प्रवेश पत्र, परीक्षा से वंचित करने पर स्कूल संचालकों पर होगी कार्रवाई
पीलीभीत। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं की तिथियों की घोषणा कर दी गई है। जनपद में कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक दो पालियों में आयोजित होंगी। प्रथम पाली प्रातः 8:30 बजे से 11:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 2:00 बजे से 5:15 बजे तक संचालित की जाएगी।इस संबंध में जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने जनपद के समस्त प्रधानाचार्यों एवं विद्यालय व्यवस्थापकों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि किसी भी छात्र-छात्रा को फीस जमा न होने के कारण बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होने से वंचित न किया जाए।उन्होंने कहा कि यदि किसी विद्यार्थी द्वारा इस प्रकार की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित प्रधानाचार्य या व्यवस्थापक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि सभी पात्र छात्र-छात्राओं को समय से परीक्षा प्रवेश पत्र उपलब्ध कराना संबंधित प्रधानाचार्य एवं केंद्र व्यवस्थापक की जिम्मेदारी है। परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




