विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग–2026 में पीलीभीत के लक्ष्य बाबा का राष्ट्रीय चयन

विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग–2026 में पीलीभीत के लक्ष्य बाबा का राष्ट्रीय चयन
भारत मंडपम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से होगा सीधा संवाद
पीलीभीत। जनपद के लिए गर्व का विषय है कि जिले के होनहार युवा लक्ष्य बाबा का चयन राष्ट्रीय स्तर पर विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग–2026 के लिए किया गया है। यह चयन सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित सरदार@150 निबंध/रील प्रतियोगिता के अंतर्गत उनके द्वारा प्रस्तुत विचारोत्तेजक वक्तव्य की रील (वीडियो) के आधार पर हुआ है।इस उपलब्धि के तहत लक्ष्य बाबा को भारत सरकार के युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रतिभाग करने का अवसर मिला है। यह कार्यक्रम 9 से 12 जनवरी 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित होगा।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण देश के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी होंगे, जो देशभर से चयनित युवा प्रतिनिधियों से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री युवाओं को विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका, नेतृत्व क्षमता, नवाचार और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। चयनित युवा इस ऐतिहासिक मंच से अपने विचार, सुझाव और अनुभव साझा करेंगे।लक्ष्य बाबा के राष्ट्रीय स्तर पर चयन से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे पीलीभीत जिले में हर्ष और गौरव का वातावरण है। यह उपलब्धि जिले के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें राष्ट्र सेवा व नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।




