विधायक पुत्र ने अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर का किया उद्घाटन, शहरी क्षेत्र को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा

विधायक पुत्र ने अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर का किया उद्घाटन, शहरी क्षेत्र को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा
पूरनपुर,पीलीभीत। नगर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मोहल्ला कायस्थान में शुक्रवार को दूसरे अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान के पुत्र ऋतुराज पासवान ने फीता काटकर केंद्र का औपचारिक उद्घाटन किया।इस अवसर पर ऋतुराज पासवान ने कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार की मंशा है कि आम नागरिकों को उनके घर के नजदीक बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर खुलने से शहरी क्षेत्र के लोगों को प्राथमिक उपचार, जांच और परामर्श की सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेंगी, जिससे उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। बताया गया कि पूरनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का कार्यक्षेत्र काफी बड़ा है, जिसके चलते वहां प्रतिदिन मरीजों की भारी भीड़ रहती है। ऐसे में नए अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर के शुरू होने से सीएचसी पर पड़ने वाला दबाव भी कम होगा और मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा।कार्यक्रम में मौजूद एमओआईसी डॉ. मनीष राज शर्मा ने बताया कि इस केंद्र पर सामान्य रोगों का उपचार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, आवश्यक जांचें तथा स्वास्थ्य परामर्श जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि शहरी स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने में यह केंद्र मील का पत्थर साबित होगा।उद्घाटन समारोह में डॉ. हरमन, अर्बन हेल्थ कोऑर्डिनेटर कमल कुमार, विश्ववीर, अनुज पांडेय सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे। सभी ने केंद्र के सुचारु संचालन और बेहतर सेवाएं देने का भरोसा दिलाया।स्थानीय नागरिकों ने भी अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर खुलने पर खुशी जताई और उम्मीद व्यक्त की कि इससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।




