प्रभु श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा द्वितीय वर्षगांठ पर निकली भव्य शोभा यात्रा

प्रभु श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा द्वितीय वर्षगांठ पर निकली भव्य शोभा यात्रा
श्रीराम शोभा यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, विधायक पुत्र ऋतुराज पासवान रहे शामिल
पूरनपुर/पीलीभीत। पूरनपुर के ग्राम जोगराजपुर में प्रभु श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ के उपलक्ष्य में विश्व हिंदू परिषद परिवार द्वारा भव्य श्रीराम शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। शोभा यात्रा में विधायक पुत्र ऋतुराज पासवान ने सहभागिता की और श्रद्धालुओं के साथ प्रभु श्रीराम के जयघोष लगाए। शोभा यात्रा में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान सहित विभिन्न देवी-देवताओं की सजीव और आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों और भक्तों ने धार्मिक गीतों व जयकारों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। ढोल-नगाड़ों और भजनों की गूंज से पूरा गांव राममय हो उठा। विधायक पुत्र ऋतुराज पासवान ने शोभा यात्रा में शामिल होकर आयोजकों और श्रद्धालुओं की भक्ति भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम भारतीय संस्कृति और मर्यादा के प्रतीक हैं, जिनका जीवन समाज को सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। ऐसे धार्मिक आयोजन सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करते हैं।शोभा यात्रा ग्राम जोगराजपुर के विभिन्न मार्गों से होती हुई प्रभु श्रीराम मंदिर परिसर पहुंची, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर मंदिर प्रांगण में भजन-कीर्तन और आरती का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। विश्व हिंदू परिषद परिवार के पदाधिकारियों ने बताया कि श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ को लेकर विशेष रूप से यह आयोजन किया गया, ताकि युवा पीढ़ी को सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ा जा सके। कार्यक्रम के समापन पर प्रसाद वितरण किया गया। इस दौरान विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल के कार्यकर्ता, ग्राम प्रधान, क्षेत्रीय गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष मौजूद रहे। आयोजन शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।




