पूरनपुर नगर पालिका को मिली बड़ी सौगात, सड़क-नाली और पथ प्रकाश के लिए 7 करोड़ रुपये की संस्तुति

पूरनपुर नगर पालिका को मिली बड़ी सौगात, सड़क-नाली और पथ प्रकाश के लिए 7 करोड़ रुपये की संस्तुति
पूरनपुर/पीलीभीत। नव वर्ष 2026 में पूरनपुर नगर पालिका को शासन से बड़ी सौगात मिली है। नगर पालिका पूरनपुर के नागरिकों के लिए राहत भरी खबर है। विधायक बाबूराम पासवान के प्रयास से नगर क्षेत्र में सड़कों, नालियों और पथ प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए शासन स्तर पर बड़ी पहल की गई है। नगर पालिका अध्यक्ष शैलेन्द्र गुप्ता द्वारा नगर की आधारभूत समस्याओं को लेकर दिए गए पत्र के क्रम में जनप्रतिनिधि द्वारा प्रदेश सरकार तक मामला प्रभावी ढंग से उठाया गया, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है।
बताया गया कि नगर पालिका अध्यक्ष शैलेन्द्र गुप्ता ने नगर में जर्जर सड़कों, जल निकासी की समस्या और अपर्याप्त स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर संबंधित जनप्रतिनिधि को पत्र देकर अवगत कराया था। इसके बाद जनप्रतिनिधि ने नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ए.के. शर्मा को पत्र भेजकर अपनी विधानसभा पूरनपुर के अंतर्गत नगर पालिका पूरनपुर के विभिन्न वार्डों में पथ प्रकाश, सड़क और नाली निर्माण कार्यों की आवश्यकता से अवगत कराया। मंत्री ए.के. शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय आदर्श नगर पंचायत योजना के अंतर्गत नगर पालिका पूरनपुर के विकास के लिए कुल 500 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त किए जाने की संस्तुति की है। इसके साथ ही सड़कों, नालियों और पथ प्रकाश व्यवस्था के लिए अलग से 200 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने हेतु प्रमुख सचिव को आवश्यक कार्यवाही के लिए पत्र प्रेषित कर दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, शासन स्तर पर प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है और शीघ्र ही धनराशि की औपचारिक स्वीकृति मिलने की संभावना है। धनराशि स्वीकृत होते ही नगर के विभिन्न वार्डों में सड़क निर्माण, नाली सुधार और नई स्ट्रीट लाइटें लगाए जाने का कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे वर्षों से चली आ रही समस्याओं से नगरवासियों को राहत मिलेगी। इस पहल से नगर की साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और रात्रि सुरक्षा में भी सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने इस प्रयास के लिए नगर पालिका अध्यक्ष शैलेन्द्र गुप्ता और संबंधित जनप्रतिनिधि के प्रति आभार जताया है। वहीं जनप्रतिनिधि ने कहा कि पूरनपुर नगर के सर्वांगीण विकास के लिए वे लगातार शासन स्तर पर प्रयासरत हैं और भविष्य में भी नगर को अधिक सुविधाएं दिलाने का प्रयास जारी रहेगा। अंत में जनप्रतिनिधि द्वारा मंत्री ए.के. शर्मा का हृदय से धन्यवाद व्यक्त किया गया, जिनके सहयोग से पूरनपुर नगर के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम आगे बढ़ा है।




