मौत के कारोबार पर भड़का व्यापार मंडल

मौत के कारोबार पर भड़का व्यापार मंडल
चाइनीज मांझे पर सख्त कार्रवाई की मांग
पीलीभीत।जनपद में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की खुलेआम हो रही बिक्री और उससे लगातार सामने आ रही जानलेवा घटनाओं को लेकर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुरुवार को संगठन के नगर अध्यक्ष रणवीर पाठक के नेतृत्व में व्यापारियों का प्रतिनिधि मंडल पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और सहायक पुलिस अधीक्षक (आईपीएस) नताशा गोयल को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कठोर कार्रवाई की मांग की।ज्ञापन सौंपते हुए संगठन के जिला अध्यक्ष एम.ए. जिलानी ने कहा कि प्रशासन और न्यायालय के स्पष्ट प्रतिबंध के बावजूद शहर में चाइनीज मांझे का ‘मौत का कारोबार’ धड़ल्ले से चल रहा है। यह मांझा न केवल दोपहिया वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है, बल्कि पक्षियों की मौत का भी बड़ा कारण बन रहा है। उन्होंने कहा कि अब केवल चेतावनी या माल जब्ती से काम नहीं चलेगा, बल्कि दोषी दुकानदारों पर एफआईआर दर्ज कर जेल भेजना जरूरी है।नगर अध्यक्ष रणवीर पाठक ने पुलिस प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि चाइनीज मांझे की बिक्री करने वाले सौदागर आम नागरिकों की जिंदगी से खुला खिलवाड़ कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ बिना किसी दबाव के कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि इस अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल महेंद्रू ने पुलिस को सुझाव देते हुए कहा कि मांझा बेचने वाले पुलिस की वर्दी देखते ही सतर्क हो जाते हैं। ऐसे में पुलिस को सिविल ड्रेस में ग्राहक बनकर छापेमारी करनी चाहिए, जिससे असली दोषियों को रंगे हाथ पकड़ा जा सके। वहीं महिला प्रदेश उपाध्यक्ष सपना यादव ने कहा कि चंद रुपयों के लालच में दुकानदार लोगों की जान जोखिम में डाल रहे हैं, जिसे संगठन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा।इस अवसर पर महामंत्री राशिद अंसारी, युवा जिला अध्यक्ष शैली शर्मा, नाहिद खान, तस्लीम खान, अतुल जायसवाल, आशीष लोधी, नीरज श्रीवास्तव, अभिलाष गुप्ता, सुनील वर्मा सहित संगठन के दर्जनों पदाधिकारी मौजूद रहे। व्यापार मंडल ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।




