खेतों के पास बाघ और तेंदुए का हमला, वन्यजीवों की चहल कदमी से ग्रामीणों में दहशत

खेतों के पास बाघ और तेंदुए का हमला, वन्यजीवों की चहल कदमी से ग्रामीणों में दहशत
पीलीभीत। जनपद के ग्रामीण इलाकों में वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों से दहशत का माहौल बन गया है। पूरनपुर तहसील व हजारा थाना क्षेत्र के गांव अशोकनगर में गन्ने के खेत के पास गोवंश पशु पर बाघ के हमले की सूचना से हड़कंप मच गया, वहीं सेहरामऊ थाना क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय व्याप्त है।गांव अशोकनगर निवासी शिवसागर वर्मा ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे उनके गन्ने के खेत के समीप बाघ ने एक गोवंश पशु पर हमला कर दिया। घटना के बाद खेतों के आसपास बाघ की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों और किसानों में डर का माहौल है। किसानों का कहना है कि गन्ने की फसल ऊंची होने के कारण खेतों में दृश्यता बेहद कम हो जाती है, जिससे किसी वन्यजीव के छिपे होने की आशंका बनी रहती है। इसी कारण किसान खेतों की ओर जाने से कतरा रहे हैं और अकेले खेत जाने से बच रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों में भी दहशत फैल गई। शिवसागर वर्मा ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने किसानों से अकेले खेत न जाने, बच्चों और मवेशियों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की सलाह दी। मामले की सूचना वन विभाग को भी दे दी गई है। उधर, सेहरामऊ थाना क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गढ़वाखेड़ा से महुआ गुंदे जाने वाले मार्ग पर तेंदुआ देखे जाने की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वार्ड नंबर 08 के जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि गुड्डू के भतीजे सीबू खान ने शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे तेंदुए का फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल किया है। तेंदुआ दिखने की खबर फैलते ही लोगों ने एहतियातन सड़क पर आवाजाही कम कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दिन पहले जगतपुर गांव के पास रानीगंज नहर पुलिया के समीप तेंदुए द्वारा नीलगाय का शिकार किए जाने की घटना भी सामने आई थी, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग को पूरे मामले की सूचना देते हुए जल्द कार्रवाई और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।लगातार मिल रही इन घटनाओं के बाद ग्रामीण इलाकों में भय का माहौल है और लोग वन विभाग से वन्यजीवों की निगरानी व सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग कर रहे हैं।




