ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे का आरोप,कलीनगर तहसील गेट पर धरना

ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे का आरोप,कलीनगर तहसील गेट पर धरना
पीलीभीत। जनपद की कलीनगर तहसील में ग्राम समाज की जमीन पर कथित अवैध कब्जे को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने तहसील प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाकियू (अराजनैतिक) के पदाधिकारी और कार्यकर्ता तहसील गेट पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं, जिससे तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। किसानों का आरोप है कि राजपुर सिमरा ताल्लुके महाराजपुर में ग्राम समाज की करीब दो एकड़ जमीन पर भूमाफियाओं से मिलीभगत कर अवैध कब्जा कराया गया है और पक्का निर्माण भी करवा दिया गया। धरना दे रहे किसानों का कहना है कि यह भूमि ग्राम समाज की है, लेकिन लेखपाल और तहसीलदार की कथित मिलीभगत से भूमाफियाओं को फायदा पहुंचाया गया। किसानों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद तहसील प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे ग्रामीणों और किसानों में भारी आक्रोश है।भाकियू (अराजनैतिक) का कहना है कि ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा नियमों का खुला उल्लंघन है और इससे गांव के गरीब व भूमिहीन लोगों के अधिकारों का सीधा हनन हो रहा है। धरने का नेतृत्व कर रहे संगठन के जिलाध्यक्ष मंजीत ने स्पष्ट किया कि जब तक दोषी अधिकारियों और भूमाफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे भाकियू (अराजनैतिक) के जिला सचिव अखिलेश यादव ने कलीनगर के एसडीएम और तहसीलदार को तत्काल हटाने की मांग करते हुए कहा कि दोनों अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरने के दौरान किसानों ने तहसील प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और दो टूक कहा कि ग्राम समाज की जमीन को किसी भी कीमत पर हड़पने नहीं दिया जाएगा। किसानों ने अवैध निर्माण को तत्काल ध्वस्त कराने और जमीन को कब्जा मुक्त कराने की मांग की। इस मामले में एसडीएम पूरनपुर प्रमेश कुमार ने कहा कि राजपुर सिमरा में जमीन पर कब्जे का मामला पुराना है। इसकी जांच कराई जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी




