यूपी

गन्ने से लदी ट्रॉली ने उड़ाए नियमों के परखच्चे, बिजली का खंभा हिलाया

ओवरलोडिंग बनी जानलेवा, शेरपुर कला धनाराघाट रोड पर मची अफरा-तफरी

गन्ने से लदी ट्रॉली ने उड़ाए नियमों के परखच्चे, बिजली का खंभा हिलाया

ओवरलोडिंग बनी जानलेवा, शेरपुर कला धनाराघाट रोड पर मची अफरा-तफरी

पूरनपुर,पीलीभीत। गन्ना पेराई सीजन के साथ ही ओवरलोडिंग का खेल चरम पर पहुंच गया है। शेरपुर कला धनाराघाट रोड पर रविवार को गन्ने से लदी एक भारी ओवरलोडिंग ट्रॉली ने सड़क किनारे खड़े बिजली के खंभे में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि खंभा पूरी तरह हिल गया और उसमें लगे बिजली के तार टूटकर नीचे गिर गए। तार टूटने से सड़क पर गन्ने की फांदियां लटक गईं, जिससे कुछ देर के लिए अफरा- तफरी मच गई।संयोग अच्छा रहा कि उस समय वहां से गुजर रहे बाइक सवार और राहगीर बाल-बाल बच गए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि गन्ने की फांदियां नीचे गिर जातीं तो कई लोग गंभीर रूप से घायल हो सकते थे और बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और प्रशासन के खिलाफ जमकर हंगामा किया।ग्रामीणों ने बताया कि शेरपुर कला धनाराघाट रोड पर आए दिन गन्ने से लदी ओवरलोडिंग ट्रक और ट्रॉलियां गुजरती हैं, जिससे सड़क पर जाम की स्थिति बनी रहती है। कई बार स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है। ओवरलोडिंग के कारण सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो रही हैं और हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन और परिवहन विभाग की अनदेखी के कारण ओवरलोडिंग पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। न तो वजन की जांच की जा रही है और न ही नियमों का पालन कराया जा रहा है। इससे वाहन चालक बेखौफ होकर क्षमता से कई गुना अधिक गन्ना भरकर सड़कों पर दौड़ रहे हैं।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गन्ना ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए, नियमित चेकिंग अभियान चलाया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारी जुर्माना व वाहन सीज की कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो किसी दिन बड़ा हादसा होना तय है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!