घर का भेदी लंका ढहाए: प्रेमी संग मिलकर घर में चोरी की साजिश, महिला ही निकली वारदात की मास्टरमाइंड

घर का भेदी लंका ढहाए: प्रेमी संग मिलकर घर में चोरी की साजिश, महिला ही निकली वारदात की मास्टरमाइंड
पीलीभीत।पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव शेरपुर कला में सामने आई चोरी की घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि घर का भेदी लंका ढहाए। जिस वारदात को पहले बाहरी चोरों का कारनामा बताया जा रहा था, उसकी साजिश घर के भीतर ही रची गई थी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि घर की महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पूरी चोरी की पटकथा लिखी।घटना 21 जनवरी की रात की है, जब गांव निवासी गुड्डू पुत्र कल्वे अहमद के घर से सोने-चांदी के जेवरात और करीब एक लाख 60 हजार रुपये नकद चोरी होने की सूचना मिली थी। अगले दिन पीड़ित ने पुलिस को बताया कि अज्ञात चोरों ने नशा सुंघाकर पूरे परिवार को बेहोश कर दिया और चोरी कर फरार हो गए।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। सीओ प्रतीक दहिया मौके पर पहुंचे और बाद में एडिशनल एसपी विक्रम दहिया ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चार टीमें गठित कीं।जांच के दौरान पुलिस को घटना में कई विरोधाभास नजर आए। कथित बेहोशी, घर के अंदर सामान की स्थिति और चोरी के तरीके ने पुलिस के संदेह को गहरा कर दिया। इसके बाद घर के सदस्यों से सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें महिला के बयान मेल नहीं खा सके। शनिवार शाम पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया। पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि उसने अपने प्रेमी अकरम पुत्र रियासुद्दीन के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची थी। योजना के तहत घर में चोरी का नाटक किया गया और जेवरात व नकदी को पहले ही छिपा दिया गया, ताकि किसी बाहरी गिरोह पर शक जाए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सोने-चांदी के जेवरात और 88 हजार रुपये नकद बरामद कर लिए। महिला और उसके प्रेमी के बीच बातचीत भी होती थी। कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।इस घटना ने न सिर्फ पूरे क्षेत्र को चौंकाया है, बल्कि यह भी दिखा दिया कि जब साजिश घर के भीतर ही रची जाए, तो सच सामने आने में देर जरूर होती है, लेकिन बच नहीं पाता।




